कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) को जल्द नया मानव संसाधन प्रमुख मिल सकता है। भारत सरकार के लोक उद्यम चयन बोर्ड (पीईएसबी) ने कंपनी में निदेशक कार्मिक एवं औद्योगिक संबंध के अहम पद पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करते हुए रिक्ति का विज्ञापन जारी कर दिया है।
कर्मचारियों और औद्योगिक संबंधों की बड़ी जिम्मेदारी
कोल इंडिया के निदेशक कार्मिक का पद कंपनी के सबसे महत्वपूर्ण निदेशक पदों में शामिल है। मानव संसाधन प्रबंधन, औद्योगिक संबंध, कर्मचारी कल्याण, प्रशिक्षण, भर्ती तथा कार्मिक नीतियों से जुड़े मामलों की जिम्मेदारी इसी निदेशालय के पास होती है।
श्रमिक संगठनों के साथ बातचीत, वेतन समझौते और कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण नीतिगत मामलों में भी निदेशक कार्मिक की भूमिका बेहद अहम होती है। ऐसे समय में जब कोल इंडिया में श्रमिकों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा चल रही है, इस पद पर नई नियुक्ति को खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
साक्षात्कार के बाद होगी नियुक्ति
पीईएसबी ने पात्र उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। केंद्र और राज्य सरकारों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों तथा निर्धारित शर्तों के अनुरूप निजी क्षेत्र में वरिष्ठ स्तर पर कार्यरत उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

