जम्मू-कश्मीर के सुरक्षा और खुफिया तंत्र में अहम भूमिका निभाने वाले सीआईडी की कमान अब 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी एमके सिन्हा के हाथ में होगी। सिन्हा ने शुक्रवार को एडीजी सीआईडी जम्मू-कश्मीर का पदभार संभाल लिया। उन्होंने नितीश कुमार से यह जिम्मेदारी ली है। नितीश कुमार का तबादला एडीजी आर्म्ड पुलिस जम्मू-कश्मीर के पद पर किया गया है।
पदभार संभालने के साथ ही एमके सिन्हा ने सीआईडी मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और विभाग के कामकाज की समीक्षा की। बैठक में इंटेलिजेंस विंग की कार्यप्रणाली पर विशेष रूप से चर्चा हुई। सिन्हा ने अधिकारियों से खुफिया तंत्र से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी लेते हुए विभाग की मौजूदा गतिविधियों और कामकाज का जायजा लिया।
1999 बैच के आईपीएस अधिकारी नितीश कुमार इससे पहले एडीजी सीआईडी और डायरेक्टर एसआईए जम्मू-कश्मीर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उन्हें एडीजी आर्म्ड पुलिस जम्मू-कश्मीर नियुक्त किया गया है। सीआईडी और एसआईए में अपने कार्यकाल के बाद नितीश कुमार के सामने अब आर्म्ड पुलिस की कमान संभालने की नई जिम्मेदारी होगी।
वरिष्ठ अधिकारियों ने किया नए एडीजी का स्वागत
एमके सिन्हा के पदभार संभालने पर सीआईडी मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। अधिकारियों ने उन्हें विभाग के कामकाज में पूरा सहयोग देने और जिम्मेदारियों के निर्वहन में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करने का भरोसा दिलाया। वहीं, अधिकारियों ने निवर्तमान एडीजी नितीश कुमार को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

