पलामू में रेलवे संपत्ति चोरी का खुलासा, 1020 किलो लोहा और 26 किलो तांबा बरामद; दो गिरफ्तार

7.6kViews
1214 Shares

 रेलवे संपत्ति चोरी के मामले में जपला रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टीम ने विश्रामपुर स्थित कबाड़ दुकान और नौकाडीह-दरुआ गांव में छापामारी कर करीब 1,020 किलो रेलवे का लोहा और 26 किलो तांबा बरामद किया।

जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 51,400 रुपये बताई गई है। आरपीएफ पोस्ट जपला के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार झा ने बताया कि 26 अगस्त को रेल मदद और ट्विटर पर मिली शिकायत के सत्यापन के दौरान सिगसिगी स्टेशन के पास रेलवे का लोहा चोरी होने की सूचना मिली थी।जांच में पता चला कि चोरी का लोहा विश्रामपुर में प्रभु साव की कबाड़ दुकान में बेचा गया है, जबकि कुछ सामग्री नौकाडीह-दरुआ गांव में छिपाकर रखी गई है। इसके बाद आरपीएफ जपला की टीम ने अपराध आसूचना शाखा गया और स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापामारी की।

कबाड़ दुकान से 520 किलो लोहा व 26 किलो तांबा बरामद

कबाड़ दुकान से आरपीएफ ने हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के हरिजन मोहल्ला/स्कूल,जपला निवासी अनिल कुमार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान मालगाड़ी के वैगन की मरम्मत में इस्तेमाल होने वाले चादरनुमा लोहे, वैगन के दरवाजे, ओएचई मास्ट के टुकड़े समेत करीब 520 किलो रेलवे का लोहा बरामद हुआ। इसके अलावा रेलवे के ऑक्जिलरी ट्रांसफॉर्मर से चोरी किया गया करीब 26 किलो तांबा भी मिला।

नौकाडीह-दरुआ से 500 किलो रेलवे का लोहा मिला

अनिल कुमार की निशानदेही पर आरपीएफ टीम ने नौकाडीह-दरुआ गांव में अरुण चौधरी के मकान पर छापामारी की। वहां से मुकुलेश चौधरी को पकड़ा गया। मकान के आंगन से रेलवे के चादरनुमा लोहे के 23 टुकड़े बरामद हुए, जिनका वजन करीब 500 किलो था।

पूछताछ में मुकुलेश ने मालगाड़ियों से लोहा चोरी कर कबाड़ दुकान में बेचने की जानकारी दी। आरपीएफ मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

आरपीएफ जपला में मामला दर्ज

दोनों आरोपियों को जब्त रेलवे संपत्ति के साथ आरपीएफ पोस्ट जपला लाया गया। मामले में कांड संख्या 01/26, दिनांक 27 अगस्त 2026, धारा 3 आरपी (यू.पी.) एक्ट के तहत अनिल कुमार, मुकुलेश चौधरी एवं अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *