खेल, सैर और सुकून का नया ठिकाना बनेगा आनंद वाटिका पार्क, 6 एकड़ में तैयार करेगा GDA

1773 Shares

गाजियाबाद में मधुबन बापूधाम आवासीय योजना में रहने वाले लोगों को जल्द ही मनोरंजन, खेलकूद और सुकून के लिए एक बेहतर सार्वजनिक स्थल मिलने जा रहा है।

जीडीए की ओर से करीब छह एकड़ क्षेत्र में आनंद वाटिका पार्क विकसित किया जाएगा। अधिशासी अभियंता एवं प्रभारी मधुबन बापूधाम योगेश पटेल ने पार्क के विकास कार्य का शुभारंभ किया।

इस पार्क को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के साथ हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसे पूरा होने में करीब एक वर्ष का समय लगेगा।

बैठने की भी होगी व्यवस्था

आनंद वाटिका में लोगों की अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्पोर्ट्स जोन, फूड जोन, वाकिंग ट्रैक, मेडिटेशन सेंटर और स्केटिंग एरिया विकसित किए जाएंगे। पार्क में गगनचुंबी राष्ट्रध्वज भी लगाया जाएगा, जो इसके प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा। लोगों के टहलने के लिए बेहतर पाथवे के साथ बैठने की व्यवस्था भी होगी।

वहीं, पार्क की डिजाइनिंग में पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा गया है। बाउंड्रीवाल के निर्माण के दौरान पार्क क्षेत्र में पहले से मौजूद पेड़-पौधों को नहीं काटा जाएगा।

उपलब्ध कराई जाएंगी सुविधाएं

इसके अलावा पार्क में नए पौधे भी लगाए जाएंगे। इससे क्षेत्र में हरियाली बढ़ने के साथ लोगों को स्वच्छ और प्राकृतिक वातावरण मिलेगा। पार्क के सुंदरीकरण के तहत आकर्षक हरित क्षेत्र विकसित किया जाएगा। प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

आनंद वाटिका एक नजर में
क्षेत्रफल करीब छह एकड़
निर्माण अवधि करीब एक वर्ष
प्रमुख आकर्षण स्पोर्ट्स जोन, फूड जोन और स्केटिंग एरिया
स्वास्थ्य सुविधाएं वाकिंग ट्रैक और मेडिटेशन सेंटर
विशेष आकर्षण गगनचुंबी राष्ट्रध्वज
पर्यावरण मौजूदा पेड़ों को बचाकर विकास, नए पौधों का रोपण
अन्य सुविधाएं पाथवे, बैठने की व्यवस्था और आधुनिक प्रकाश

मधुबन बापूधाम को तेजी से विकसित किया जा रहा है। ताकि यहां रहने वाले लोगों को तमाम सुविधाएं मुहैया कराई जा सकें। इसी क्रम में आनंद वाटिका काे विकसित किया जा रहा है। इसमें खेल, मनोरंजन, खान-पान के साथ ही हर आयु वर्ग के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। – नन्द किशोर कलाल, उपाध्यक्ष जीडीए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *