वैश्विक स्तर पर आर्थिक चुनौतियों और मंदी के कारण हो रही छंटनी की खबरों के बीच, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) राउरकेला के छात्रों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। संस्थान के हाल ही में संपन्न हुए 2025-26 प्लेसमेंट ड्राइव में छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 1,340 जॉब ऑफर हासिल किए हैं।
इंजीनियरिंग के छात्रों को शानदार पैकेज
इस वर्ष के प्लेसमेंट ड्राइव में इंजीनियरिंग के छात्रों को शानदार पैकेज मिले हैं। बी.टेक प्रोग्राम में अधिकतम पैकेज 1.31 करोड़ रुपये रहा, जबकि कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के छात्रों को 83.60 लाख रुपये तक के ऑफर मिले। बी.टेक का औसत पैकेज 15.33 लाख रुपये और मीडियन पैकेज 12.50 लाख रुपये दर्ज किया गया। एम.टेक के छात्रों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है, जहां कंप्यूटर साइंस के एक छात्र को 46.38 लाख रुपये का अधिकतम पैकेज मिला। एम.टेक का औसत पैकेज 11.90 लाख रुपये रहा। सबसे खास बात यह रही कि 83 से अधिक छात्रों ने 30 लाख रुपये से ज्यादा का सालाना पैकेज हासिल किया है।
सभी छात्रों को शत-प्रतिशत प्लेसमेंट
बायोमेडिकल, केमिकल, कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल जैसी प्रमुख ब्रांचों में पंजीकृत सभी छात्रों को शत-प्रतिशत प्लेसमेंट मिला है।
इस बार प्लेसमेंट ड्राइव में 374 कंपनियों ने हिस्सा लिया, जिनमें लगभग 50 प्रतिशत कंपनियां पहली बार संस्थान में आईं।
करियर डेवलपमेंट सेंटर (सीडीसी) के प्रमुख प्रो. सुरजीत दास के अनुसार, कुल जॉब ऑफर में कोर सेक्टर की हिस्सेदारी सबसे अधिक 41.69 प्रतिशत रही। इसके बाद सॉफ्टवेयर और आईटी सेक्टर (17.79%), पावर एंड हेवी (13.77%) और बीएफएसआई (11.52%) का स्थान रहा। छात्रों को सॉफ्टवेयर इंजीनियर, डेटा एनालिस्ट, बिजनेस एनालिस्ट और ग्रेजुएट ट्रेनी इंजीनियर जैसी अहम भूमिकाओं के लिए चुना गया।
प्रमुख रिक्रूटर्स में आदित्य बिड़ला ग्रुप, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, जेएसडब्ल्यू ग्रुप, लार्सन एंड टुब्रो, वेदांता, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील, डेलॉइट और क्वालकॉम जैसी दिग्गज कंपनियां शामिल रहीं।
1.50 लाख रुपये तक का अधिकतम स्टाइपेंड ऑफर
प्लेसमेंट के साथ-साथ इंटर्नशिप के मोर्चे पर भी एनआईटी राउरकेला ने नया मुकाम हासिल किया है। छात्रों को छह महीने की 364 इंटर्नशिप और प्री-फाइनल ईयर के छात्रों को रिकॉर्ड 258 समर इंटर्नशिप मिली हैं, जो संस्थान के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
इंटर्नशिप के दौरान छात्रों को प्रतिमाह 1.50 लाख रुपये तक का अधिकतम स्टाइपेंड ऑफर किया गया है। सफल इंटर्नशिप के बाद इन छात्रों को कंपनियों द्वारा प्री-प्लेसमेंट ऑफर (पीपीओ) दिए जाने की प्रबल संभावनाएं हैं।
नवोन्मेषी सोच विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध
इस शानदार उपलब्धि पर एनआईटी राउरकेला के निदेशक प्रो. के. उमामहेश्वर राव ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि संस्थान अपने छात्रों को उद्योग जगत की बदलती जरूरतों के अनुरूप तैयार करने और उनमें नवोन्मेषी सोच विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
वैश्विक जॉब मार्केट में कड़ी प्रतिस्पर्धा और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद ये प्लेसमेंट परिणाम हमारे छात्रों की योग्यता, मजबूत तकनीकी पकड़ और करियर डेवलपमेंट सेंटर की टीम के अथक प्रयासों का प्रमाण हैं।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

