उत्तराखंड में टूरिस्ट बस से लीसा के 338 कनस्तर बरामद, किमत दस लाख रुपये
सुल्तानपुर पट्टी चौकी पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-74 स्थित छोई मोड़ के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक टूरिस्ट बस से अवैध रूप से ले जाया जा रहा लीसा बरामद किया है। पुलिस ने बस से लीसा के करीब 338 कनस्तर बरामद किए हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने वहां से गुजर रही टूरिस्ट बस संख्या (यूके12/पीबी0381) को रोककर तलाशी ली। पुलिस के अनुसार बस के अंदर सवारियों के बैठने वाली सीटें निकालकर उनकी जगह लीसा से भरे कनस्तर रखे गए थे। कनस्तरों को काली पन्नी से ढककर छिपाया गया था। तलाशी के दौरान पुलिस को बस के अंदर कुल 338 कनस्तर लीसा बरामद हुए।
कार्रवाई के दौरान बस में सवार चार लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि बरामद लीसा को द्वाराहाट-अल्मोड़ा क्षेत्र से अवैध रूप से लाया जा रहा था।
इसे पुलभट्टा होते हुए उत्तर-प्रदेश की ओर ले जाने की तैयारी थी। हालांकि पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है कि लीसा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। पुलिस ने बरामद लीसा को कब्जे में लेकर बस को जब्त कर लिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बस में सीटें हटाकर बनाए गए थे कनस्तरों के लिए स्थान
बाजपुर : पुलिस के अनुसार लीसा के परिवहन के लिए टूरिस्ट बस में विशेष तरीके से बदलाव किया गया था। बस की सवारी सीटें निकालकर उनकी जगह कनस्तर रखे गए थे और इन्हें काली पन्नी से ढक दिया गया था। इससे आशंका जताई जा रही है कि बस का इस्तेमाल नियमित रूप से लीसा के अवैध परिवहन के लिए किया जा रहा था। पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ के साथ ही पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

