हिमाचल विधानसभा परिसर में सत्ता पक्ष और विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन, हिमकेयर और महंगी चीनी पर जमकर नारेबाजी

7.3kViews
1635 Shares

 

 हिमाचल प्रदेश विधानसभा मानसून सत्र के चौथे दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष ने अलग-अलग मुद्दों को लेकर विधानसभा परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। भाजपा विधायक हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे और हिमकेयर योजना में मरीजों को उपचार की सुविधा नहीं मिलने का मुद्दा उठाते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं, कांग्रेस विधायक भी तख्तियां लेकर विधानसभा परिसर में पहुंचे और चीनी के बढ़ते दाम को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।

जरूरतमंद को अस्पताल में उपचार नहीं मिल रहा
भाजपा विधायकों ने हिमकेयर योजना को लेकर सरकार को घेरा। उनके हाथों में लगी तख्तियों पर हिमकेयर के तहत इलाज में आ रही दिक्कतों से जुड़े सवाल लिखे थे। भाजपा विधायकों ने आरोप लगाया कि सरकार हिमकेयर योजना को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जरूरतमंद मरीजों को अस्पतालों में उपचार की सुविधा नहीं मिल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब हिमकेयर योजना का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाना है तो फिर इसके तहत इलाज क्यों नहीं हो रहा है।

जमकर नारेबाजी

भाजपा विधायकों ने प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और हिमकेयर व्यवस्था को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उनका कहना था कि प्रदेश सरकार को योजना में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों को दूर कर पात्र लोगों को तत्काल उपचार की सुविधा उपलब्ध करवानी चाहिए।

कांग्रेस ने महंगी चीनी पर घेरा

दूसरी ओर कांग्रेस विधायकों ने चीनी के बढ़ते दाम का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार पर हमला बोला। कांग्रेस विधायकों ने तख्तियों के माध्यम से महंगाई का मुद्दा उठाया और केंद्र की नीतियों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। कांग्रेस का कहना था कि आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

विधानसभा परिसर में सत्र शुरू होने से पहले दोनों दलों के प्रदर्शन ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया। सदन के भीतर शुरू होने वाली बहस से पहले ही भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने मुद्दों को लेकर एक-दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *