वैशाली में SBI का एटीएम तोड़ा, स्‍थानीय युवक की बहादुरी से बिगड़ा बदमाशों का खेल

5.9kViews
1682 Shares

 वैशाली जिले के कारताहां थाना क्षेत्र के कारताहा चौक पर चोरों ने एसबीआई के एटीएम को सोमवार की देर रात निशाना बनाया।

चोरों ने एटीएम मशीन को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर कैश चोरी करने की कोशिश की, लेकिन एक स्थानीय निवासी की सूझबूझ से उनकी मंशा नाकाम हो गई।

SBI के एटीएम को तोड़ा

घटना बीती देर रात की है। कारताहा चौक स्थित मार्केट में लगा एसबीआई का एटीएम है। देर रात बेखौफ चोरों ने एटीएम का शटर तोड़कर अंदर घुसे और मशीन को तोड़ दिया।

मशीन टूटने की तेज आवाज सुनकर पास के ही मकान में सो रहे एक व्यक्ति की नींद खुल गई। व्यक्ति ने बाहर निकलकर देखा तो एटीएम के अंदर कुछ लोग छेड़छाड़ कर रहे थे।

आहट पाकर चोर भागने लगे। इसी दौरान उस व्यक्ति ने हिम्मत और तत्परता दिखाते हुए भाग रहे एक चोर को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

एक बदमाश से पुल‍िस कर रही पूछताछ

स्थानीय व्यक्ति ने तुरंत इसकी सूचना डायल 112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही करताहा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में ले लिया।

फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उसके फरार साथियों की पहचान और गिरफ्तारी की जा सके। वहीं एटीएम से कैश की चोरी हुई है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।

पुलिस ने बैंक अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी है। बैंक अधिकारियों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि एटीएम में रखा कैश सुरक्षित है या चोरी हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *