1 लाख व्यूज पर ₹10000 देगी बिहार सरकार, एक वीडियो से ₹1 लाख तक होगी कमाई; सम्राट कैबिनेट का फैसला
बिहार सरकार ने कंटेट क्रिएटर को कमाई के लिए बढ़िया मौका दिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में बिहार सोशल मीडिया नीति में संशोधन को मंजूरी दी गई है।
वीडियो से कमाई की शर्तें
नियमों के मुताबिक, 30 दिनों में मिले व्यूज के हिसाब से हर एक लाख व्यूज पर 10,000 रुपये दिए जाएंगे। एक वीडियो पर अधिकतम भुगतान की सीमा एक लाख रुपये रखी गई है। यानी 10 लाख व्यूज तक पहुंचने पर भी अधिकतम एक लाख रुपये ही मिल सकेंगे।
यह सुविधा केवल सरकार द्वारा एम्पैनल (सूचीबद्ध) किए गए क्रिएटर्स के लिए ही उपलब्ध होगी। सरकार क्रिएटर्स के पेज, हैंडल और चैनल के फॉलोअर्स की समय-समय पर जांच भी करेगी।
सरकारी योजनाओं का होगा प्रसार
सरकार का मकसद अपनी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक डिजिटल माध्यम से पहुंचाना है। इससे युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए कमाई के नए अवसर भी खुलेंगे।
हर वायरल वीडियो पर पैसे नहीं मिलेंगे। कंटेंट की गुणवत्ता, प्लेटफॉर्म, व्यूज की वैधता और पंजीकरण संबंधी शर्तों का पालन करना जरूरी होगा।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने कहा कि जल्द ही एक विस्तृत नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा, जिसमें आवेदन प्रक्रिया और मान्य कंटेंट की पूरी जानकारी दी जाएगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

