IIT बॉम्बे सुसाइड केस: राहुल गांधी ने साहिल वाकोडे के माता-पिता से की बात, हर संभव मदद का दिया भरोसा
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आईआईटी बॉम्बे के दिवंगत छात्र साहिल वाकोडे के माता-पिता से बात की और उन्हें अपने बेटे के लिए न्याय की लड़ाई में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस बात की जानकारी न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से दी है।
साहिल के माता-पिता कर रहे कार्रवाई की मांग
यह बातचीत साहिल की मौत की स्वतंत्र जांच की बढ़ती मांगों और विरोध प्रदर्शनों के बीच हुई है। उनके माता-पिता ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को आईआईटी बॉम्बे में जाति-आधारित भेदभाव और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा था और उन्होंने इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
आईआईटी बॉम्बे में बीटेक के छात्र साहिल का शव 18 सितंबर की शाम को उसके हॉस्टल के कमरे में लटका हुआ मिला। उस पर मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान चैटजीपीटी का इस्तेमाल करने का आरोप है।
साहिल का सीसीटीवी फुटेज जारी
परीक्षा के दौरान हुई यह घटना मामले का मुख्य केंद्र बन गई, क्योंकि एक प्रोफेसर ने साहिल को कथित तौर पर रोका और परीक्षा हॉल से बाहर ले गए। बुधवार को कुछ टीवी चैनलों पर दिखाए गए हॉल के सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर प्रोफेसर के पास आने और उन्हें बाहर ले जाने से पहले साहिल की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच इस मौत की जांच कर रही है।
जातिगत भेदभाव के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर में नामजद फैकल्टी सदस्य सूर्यनारायण डूला को निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए छुट्टी पर भेज दिया गया है

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

