कुलदीप यादव नहीं! जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में ये खिलाड़ी होगा ‘एक्स फैक्टर’, पूर्व ऑलराउंडर ने बताया नाम

6.4kViews
1293 Shares

भारत और श्रीलंका के बीच शनिवार से गॉल में शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले श्रीलंका के पूर्व आलराउंडर फरवीज माहरूफ ने युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को भारतीय टीम का संभावित ‘एक्स फैक्टर (तुरुप का इक्का)’ करार देते हुए कहा कि जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में 26 साल के इस तेज गेंदबाज को टेस्ट पदार्पण का मौका दिया जाना चाहिए।

दक्षिण अफ्रीका से घरेलू सीरीज को 0-2 से गंवाने के बाद भारत डब्ल्यूटीसी तालिका में पांचवें स्थान पर है। टीम श्रीलंका के विरुद्ध इस अहम सीरीज में चोटिल बुमराह के बिना उतरेगी। माहरूफ ने वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, पुरानी गेंद से रिवर्स स्विंग कराने की बुमराह की क्षमता भारत के लिए सबसे बड़ी कमी साबित हो सकती है।

जसप्रीत बुमराह की खलेगी कमी

उन्होंने कहा, बुमराह जिस तरह पुरानी गेंद से रिवर्स स्विंग कराते हैं, वह भारत के लिए बड़ा हथियार है और उनकी गैरमौजूदगी निश्चित रूप से महसूस होगी। विकेट निकालने की क्षमता में कमी आ सकती है। मोहम्मद सिराज बेहतरीन गेंदबाज हैं, लेकिन दोनों की तुलना करें तो अंतर साफ दिखाई देता है।

माहरूफ ने बताया गुरनूर बराड़ को एक्स फैक्टर

माहरूफ ने कहा कि लंबा कद, अतिरिक्त उछाल, तेज रफ्तार और आक्रामक रवैया बराड़ को भारत का ‘एक्स फैक्टर’ बना सकता है। उन्होंने कहा कि मुझे गुरनूर बराड़ बेहद पसंद हैं। उनके पास उछाल, गति और जुझारूपन है। वह बल्लेबाजों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं। अभ्यास मैच में उन्होंने टेस्ट टीम के कई बल्लेबाजों को असहज कर दिया था और कुछ को शरीर पर गेंद भी लगी थी।

माहरूफ ने आगे कहा कि मैं अगर भारतीय टीम प्रबंधन का हिस्सा होता तो निश्चित रूप से बराड़ को मौका देने पर विचार करता। भले ही उन्होंने भारत के लिए अभी सिर्फ सीमित ओवरों का क्रिकेट खेला हो, लेकिन छोटे छोटे स्पेल में वह बल्लेबाजों की लय तोड़ने और मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं।

जडेजा और कुलदीप होंगे पसंदीदा स्पिनर

माहरूफ का मानना है कि भारत को संन्यास ले चुके रविचंद्रन अश्विन और चोटिल वॉशिंगटन सुंदर की कमी भी खलेगी। उन्होंने कहा कि श्रीलंका की पिचों पर स्पिनरों को सिर्फ टर्न ही नहीं, बल्कि अतिरिक्त उछाल भी मिलता है। रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव के पहले पसंदीदा स्पिनर होने की संभावना के बीच तीसरे स्पिनर को लेकर चर्चा जारी है।

भारत के पास बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार और ऑफ स्पिनर सारांश जैन के विकल्प मौजूद हैं। माहरूफ ने कहा कि अगर मुझसे पूछा जाए तो मैं जडेजा, कुलदीप और मानव सुथार के साथ उतरना पसंद करूंगा। आदर्श स्थिति में ऑफ स्पिनर विविधता देता है, लेकिन गॉल की परिस्थितियों में सुथार की अतिरिक्त उछाल हासिल करने की क्षमता अधिक उपयोगी साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि भारत दो तेज गेंदबाजों और तीन स्पिनरों के संयोजन के साथ काफी संतुलित और प्रतिस्पर्धी गेंदबाजी आक्रमण उतार सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *