ओडिशा में हिस्ट्रीशीटर बिनय नायक पर ताबड़तोड़ 10 राउंड फायरिंग, घायल को तालाब में फेंककर भागे हमलावर

5.8kViews
1320 Shares

ढेंकानाल जिले के बालीमी थाना क्षेत्र के झारबेड़ा गांव में बुधवार सुबह एक हिस्ट्रीशीटर पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

हमलावरों ने करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं। कई गोलियां बिनय नायक के पैर में लगीं। वारदात के बाद आरोपितों ने घायल बिनय को पास के एक तालाब में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। स्वजन और ग्रामीणों ने तालाब से बिनय को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे पहले हिंदोल उपमंडलीय अस्पताल ले जाया गया।

हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उसे अनुगुल जिला मुख्यालय अस्पताल (डीएचएच) रेफर कर दिया।

बाइक से आए थे तीन हमलावर

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बिनय गांव में मौजूद था, तभी बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उसे रोक लिया। इसके बाद उस पर लगातार गोलियां बरसाईं।

अचानक हुई फायरिंग से गांव में अफरातफरी मच गई। हमलावरों के भागने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो बिनय घायल अवस्था में तालाब में पड़ा मिला।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही बालीमी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। पुलिस ने हमलावरों की पहचान और वारदात में इस्तेमाल हथियार व बाइक के संबंध में सुराग जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार, अभी तक हमले के कारण का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

कई थानों में दर्ज हैं आपराधिक मामले

पुलिस ने बताया कि घायल बिनय नायक के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह हिस्ट्रीशीटर के रूप में सूचीबद्ध है।

इसी आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए पुलिस पुरानी रंजिश समेत विभिन्न पहलुओं से घटना की जांच कर रही है। हालांकि, हमले के पीछे वास्तविक कारण क्या है और इसमें कौन लोग शामिल हैं, यह आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस ने हमलावरों की तलाश तेज कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *