हिमाचल पुलिस की स्पेशल टीम ने 4 KG चरस के साथ पकड़े पंजाब के दो कार सवार युवक; बिलासपुर में फोरलेन पर कार्रवाई
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में पुलिस स्पेशल डिटेक्शन टीम ने चरस की बड़ी खेप पकड़ी है। टीम ने मनाली फोरलेन सड़क पर बलोह में मल्यावर लिंक रोड के समीप एक वाहन की जांच के दौरान करीब चार किलोग्राम चरस बरामद की। पुलिस ने चरस की खेप ले जा रहे पंजाब निवासी दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपित एक ही वाहन में सवार होकर जा रहे थे।
स्पेशल डिटेक्शन टीम बिलासपुर ने नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान टीम ने गाड़ी पीबी 07 एसी 2688 को जांच के लिए रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें करीब चार किलोग्राम चरस बरामद हुई।
होशियारपुर के दो युवक गिरफ्तार
इसके बाद पुलिस ने वाहन में सवार दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रवि कुमार उम्र 22 निवासी मकान नंबर 242, शक्ति नगर, धोबीघाट, जिला होशियारपुर, पंजाब तथा सुखबीर उम्र 28 निवासी मकान नंबर 188, कणक मंडी, वार्ड नंबर 24, गढ़ी गेट, जिला होशियारपुर, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।
लिंक खंगाल रही पुलिस
वहीं, करीब चार किलोग्राम चरस की बरामदगी के बाद पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि नशे की यह खेप आरोपितों तक कहां से पहुंची थी और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था।
क्या कहते हैं एसपी
बिलासपुर एसपी अभिषेक धीमान ने बताया कि जिला में नशे की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार नाकाबंदी, गश्त और संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और तस्करी के नेटवर्क तक पहुंचकर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

