सिंगरौली के परसौना में आधी रात इलेक्ट्रिकल दुकान में भीषण आग, दुकान जलकर खाक; 40-50 लाख का नुकसान
सिंगरौली। जिले के परसौना में आधी रात को एक इलेक्ट्रिकल दुकान में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा सारा इलेक्ट्रिकल सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने की घटना से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, परसौना में आधी रात के समय इलेक्ट्रिकल दुकान पर अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते दुकान में रखा कीमती इलेक्ट्रिकल सामान जलने लगा। आग की लपटें और धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहे थे, जिससे आस-पास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दुकान पूरी तरह जल चुकी थी और उसमें रखा सामान खाक हो गया था।
इस भीषण आग में दुकान मालिक को करीब 40 से 50 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ है। आग लगने की असली वजह का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद दुकान मालिक और परिजनों में शोक और मायूसी का माहौल है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

