मध्य प्रदेश के नीमच में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पोस्टर पर आपत्तिजनक स्टिकर लगाए जाने के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर सरकारी होर्डिंग पर लगे दोनों नेताओं के फोटो पर अपशब्द लिखे स्टिकर चिपकाने का आरोप है। मामले में भाजपा की शिकायत के बाद पुलिस ने चार युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पोस्टर पर लगाए आपत्तिजनक स्टिकर
नीमच जिला मुख्यालय पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए पोस्टर और होर्डिंग लगाए गए हैं। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के फोटो भी लगे हैं। जिला अस्पताल रोड पर नीमच कैंट थाने के सामने लगे एक सरकारी पोस्टर पर शुक्रवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए आपत्तिजनक स्टिकर दिखाई दिए।
स्टिकर पर नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन को लेकर सरकार की कार्रवाई की निंदा करते हुए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ अपशब्द लिखे गए थे। सुबह लोगों की नजर पोस्टर पर पड़ी तो इसकी जानकारी भाजपा नेताओं को दी गई, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने स्वीकारी स्टिकर लगाने की बात
युवक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मनमोहन सिंह ने स्टिकर लगाए जाने की बात स्वीकार की है। उनका कहना है कि नीट पेपर लीक मामले में छात्रों द्वारा जंतर-मंतर पर किए गए विरोध प्रदर्शन के दौरान सरकार की कार्रवाई के विरोध में यह कदम उठाया गया।
मनमोहन सिंह के मुताबिक, प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किया गया और उन्हें बेरहमी से पीटा गया, जिसमें कई छात्र घायल हुए। इसी कार्रवाई के विरोध में प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर प्रदर्शन करते हुए पोस्टर पर स्टिकर लगाए गए।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

