जर्जर मकान खाली करने का नोटिस, ठहरने के लिए आवास व भोजन की होगी व्यवस्था
हबीबपुर सीकरी गांव में कच्चे मकानों को खाली करने के नोटिस जारी होने के बाद प्रशासन ने 18 परिवारों को स्कूल, चौपाल आदि में स्थानांतरित करने की व्यवस्था की है। ग्राम प्रधान प्रमोद शर्मा ने बताया कि उन्होंने सभी प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनके ठहरने और भोजन की व्यवस्था का आश्वासन दिया है। इसके बावजूद अभी तक केवल एक ही परिवार हरिजन चौपाल में स्थानांतरित हुआ है।
स्थानांतरित परिवार के मुखिया राजेंद्र ने बताया कि उन्होंने अपना सामान लाकर चौपाल में रख दिया है और फिलहाल वहीं रहने लगे हैं। हालांकि खाने-पीने की कोई व्यवस्था अभी तक नहीं हो पाई है। गांव में मकान ढहने की दो घटनाओं के बाद प्रशासन सतर्क है, लेकिन प्रभावित परिवारों के स्थानांतरण और बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था में देरी हो रही है। कई लोगों ने अपने रिश्तेदारों के यहां रहने की बात कही है।
वहीं, बारिश के दौरान मकान गिरने से हुए हादसे के बाद शनिवार को खाप चौधरी डा. सोनू कश्यप पीड़ित परिवार से मिले। घटना में डेढ़ वर्षीय मासूम सान्वी की मौत हो गई थी। गांव में जिन परिवारों को कच्चे मकान खाली करने के नोटिस दिए गए हैं उन्होंने डा. कश्यप के सामने अपनी समस्या रखी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

