कांवड़ियों के वेश में तैनात रहेंगे सुरक्षाकर्मी, ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी; प्रमुख मंदिरों पर रहेगा पुलिस-PAC का पहरा

1044 Shares

जलाभिषेक में श्रद्धालुओं की कोई परेशानी न हो, इसके लिए सुरक्षा के माकूल इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस व पीएसी के जवानों की तैनाती की गई है। ड्रोन व सीसी कैमरे से निगरानी की जा रही है। कांवड़ियों के वेश में भी पुलिस कर्मी तैनात हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने खाका तैयार किया है।

सावन शिवबाबा धाम, श्रवण क्षेत्र, आलापुर के गोविंद साहब समेत टांडा, जलालपुर, बसखारी, मालीपुर समेत अन्य शिव मंदिरों पर प्रत्येक सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक व पूजन-अर्चन को पहुंच रहे हैं। यहां पर सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत ड्रोन व सीसी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हैं अधिकारी

इसके अलावा थानों की पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी और अन्य अधिकारी भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हैं। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए मौके पर मौजूद रहकर सकुशल लोगों को जलाभिषेक करा रहे हैं।

नागपंचमी ज्यों-ज्यों नजदीक आ रही है कांवड़िये काशी-विश्वनाथ धाम, अयोध्या, बाबा बैजनाथ धाम के लिए रवाना हो रहे हैं। जिले के 179 शिव मंदिरों, 37 नदी घाटों, 15 मेला स्थलों एवं 53 शोभायात्राओं के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था है।

नदी के घाटों पर सुरक्षा के मद्देनजर 44 गोताखोर, 30 नाविकों के साथ कांवड़ियों के 72 पड़ाव स्थलों पर एंबुलेंस व बैरियर पर 24 घंटे पुलिस बल तैनात किया गया है। एएसपी हरेंद्र कुमार ने बताया कि सुरक्षा की व्यवस्था पुख्ता की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *