वीजा के लिए बोला झूठ, बर्बाद हो गया करियर! टीम में एंट्री से पहले ही पाकिस्तानी ऑलराउंडर पर लगा 2 साल का बैन

1159 Shares

पाकिस्तान के ऑलराउंडर हमजा नजर पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने दो साल के लिए हर तरह की क्रिकेट खेलने पर बैन लगा दिया है और उन पर 10 लाख पाकिस्तानी रुपये (PKR) का जुर्माना भी लगाया है। यह कार्रवाई वीजा एप्लीकेशन प्रोसेस के दौरान गलत जानकारी देने की वजह से की गई है। PCB ने मामले की अंदरूनी जांच पूरी करने के बाद 6 अगस्त को यह फैसला सुनाया।

उम्‍मीदों पर फिरा पानी

27 साल के हमजा घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे और खबर थी कि वेस्टइंडीज के हालिया दौरे के लिए उन्हें पाकिस्तान की टेस्ट टीम में शामिल किया जा सकता है। लेकिन, वीजा से जुड़ी समस्या ने उनकी इन उम्मीदों पर पानी फेर दिया और इसके बजाय उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।

‘जीरो-टॉलरेंस’ पॉलिसी

PCB ने अपने बयान में कहा कि आधिकारिक दस्तावेजों में गलत या अधूरी जानकारी देने के मामले में उसकी ‘जीरो-टॉलरेंस’ पॉलिसी है। बोर्ड ने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट से जुड़े हर व्यक्ति के लिए ईमानदारी और प्रोफेशनलिज्‍म बनाए रखना जरूरी है।

यह व्‍यवहार मानकों के अनुरूप नहीं

बोर्ड ने कहा, “PCB गलत जानकारी देने, जानकारी छिपाने और गुमराह करने वाली जानकारी जमा करने जैसे मामलों को बहुत गंभीरता से लेता है।” उसने आगे कहा कि ऐसा व्यवहार पाकिस्तान क्रिकेट का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों से अपेक्षित मानकों के अनुरूप नहीं है।

पक्ष रखने का मौका मिला

सियालकोट में जन्मे इस ऑलराउंडर को जांच के दौरान अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया था। हालांकि, तीन सदस्यीय समिति ने निष्कर्ष निकाला कि उनका स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं था और उपलब्ध सबूतों के आधार पर उन पर दो साल का प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया।

बल्‍लेबाजी भी कर सकते हैं

नजर एक ऑफ-स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर हैं जो बल्ले से भी अहम योगदान दे सकते हैं। इस साल की शुरुआत में प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी ग्रेड-I टूर्नामेंट में पाकिस्तान टेलीविजन के खिलाफ खान रिसर्च लैबोरेटरीज के लिए नंबर 7 पर बैटिंग करते हुए उन्होंने 202 गेंदों पर नाबाद 175 रन बनाकर अपने करियर की सबसे बेहतरीन पारियों में से एक खेली।

इससे पहले घनी ग्लास के खिलाफ एक मैच में उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावित किया था; उन्होंने चार विकेट लिए और 71 रन बनाए। नजर ने 2014 में अपना फर्स्ट-क्लास डेब्यू किया और उसके नौ साल बाद अपना पहला T20 मैच खेला।

प्रथम श्रेणी में प्रदर्शन

16 फर्स्ट-क्लास मैचों में उन्होंने 30 से थोड़ी कम की औसत से 748 रन बनाए हैं। जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। गेंदबाजी में उन्होंने 37 से ज्‍यादा की औसत से 26 विकेट लिए हैं और दो बार एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा किया है।

लिस्ट A क्रिकेट में उन्होंने 15 मैच खेले हैं, 18 विकेट लिए हैं और एक अर्धशतक लगाया है। T20 में उनका रिकॉर्ड अब तक औसत रहा है। 10 मैचों में वह तीन विकेट ही ले पाए हैं और 10 से ज्‍यादा की इकॉनमी रेट से रन दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *