मीरजापुर में लगातार बारिश से उफान पर आई सुसुवार नदी, पुल के ऊपर से बह रहा पानी, हलिया-ददरी मार्ग बंद
हलिया क्षेत्र में दो दिनों से हो रही झमाझम वर्षा ने एक ओर किसानों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी है, तो दूसरी ओर आमजन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक हुई मूसलाधार बरसात के बाद क्षेत्र की सुसुवार नदी उफान पर आ गई।
नदी का जलस्तर बढ़ने से हलिया ददरी मार्ग स्थित पुल के ऊपर तेज बहाव के साथ पानी चलने लगा जिससे रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया।मार्ग बंद होने से हलिया, ददरी, संतनगर, मटिहरा, सगरा समेत दर्जनों गांवों का आवागमन प्रभावित हो गया। पुल के दोनों ओर लोग घंटों फंसे रहे और नदी का पानी घटने का इंतजार करते रहे।
घर से आवश्यक कार्यों से निकले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं अच्छी बरसात ने धान की रोपाई कर रहे अन्नदाताओं को बड़ी राहत दी है। लंबे समय से पर्याप्त पानी नहीं मिलने के कारण धान की रोपाई का काम प्रभावित हो रहा था लेकिन अब खेत पानी से लबालब होने से रोपाई ने फिर रफ्तार पकड़ ली है।
किसान दीपक, रिंकू सिंह, सुशील सिंह, राकेश कुमार और योगेंद्र ने बताया कि क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई है। खेतों में पानी पर्याप्त भर गया है अधिकांश किसानों की खेतों में रोपाई पूरी हो चुकी है,जबकि शेष स्थानों पर अभी रोपाई तेजी पकड़ ली है।उधर, पुल के ऊपर तेज बहाव के चलते दोपहिया वाहन, साइकिल और पैदल चलने वालों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई।
कुछ लोग काफी देर तक पानी उतरने की प्रतीक्षा करते रहे, जबकि कुछ ने जान जोखिम में डालकर पुल पार करने का प्रयास किया जो किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था। ग्रामीण संजय,शुभम् गिरी नीरज, सहित आदि का कहना है कि बरसात के मौसम में सुसुवार नदी का जलस्तर बढ़ते ही हलिया ददरी संपर्क मार्ग हर साल बंद हो जाता है। इससे आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

