चोला थाना क्षेत्र के गांव दाउदपुर में श्मशान की भूमि की पैमाइश के दौरान हुए विवाद में गांव निवासी मुकेश सोलंकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने हत्या में वांछित चल रहे दो सगे भाइयों को मुठभेड़ के दौरान घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया है। इसमें एक भाई चोला थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस इस हत्याकांड में वांछित दो आरोपित को पहले ही मुठभेड़ में गिरफ्तार कर चुकी है।
सिकंदराबाद सीओ दीपक तिवारी ने बताया कि तीन अगस्त को चोला थाना क्षेत्र के गांव दाउदपुर में श्मशान की भूमि की पैमाइश के दौरान हुए विवाद में मुकेश सोलंकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसमें मामले में मुकेश के पुत्र की तहरीर पर चार नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था।c
पुलिस ने बुधवार को हत्या में वांछित दो आरोपित अनिल व जितेश को मुठभेड के दौरान गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। सीओ ने बताया कि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस व एसओजी देहात टीम द्वारा बुधवार की रात शेरपुर मार्ग कट पर चेकिंग की जा रही । चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर की कार आती हुई दिखाई दी। थाना प्रभारी चोला द्वारा संदिग्ध कार सवार लोगों को रोकने का इशारा किया गया।
कार सवारों ने अपने आप को पुलिस पार्टी से घिरा हुआ देखकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, पुलिस टीम द्वारा भी आत्मरक्षार्थ फायरिंग की। इसमें पुलिस की गोली लगने से कार सवार दो युवक घायल हो गए। घायलों की पहचान कपिल व मनीष पुत्रगण मुनेश निवासी ग्राम दाउदपुर के रूप में हुई है।
घायल आरोपितों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। सीओ ने बताया कि आरोपित मनीष थाना चोला का हिस्ट्रीशीटर है। आरोपितों के पास से पिस्टल, तमंचा, जिंदा कारतूस व खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। साथ ही बिना नंबर की कार भी बरामद की गई है। आरोपित कपिल पर खुर्जा देहात व चोला थाने पर छह मुकदमें, जबकि आरोपित मनीष पर खुर्जा देहात, मेरठ व चोला थाने पर सात मुकदमें दर्ज हैं।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

