मानसून सत्र का चौथा दिन, पंजाब विधानसभा के बाहर प्रदर्शन; प्रश्न काल में उठा भाखड़ा बांध सुरक्षा का मुद्दा

3.9kViews
1335 Shares

 पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन गुरुवार को प्रश्नकाल शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर के बाहर बैनर और तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा के नेतृत्व में विपक्ष ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बरगाड़ी बेअदबी तथा बहबल कलां गोलीकांड के मामलों में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा उठाया।

पंजाब विधानसभा में शून्यकाल के दौरान विपक्ष ने कानून-व्यवस्था, गैंग्स्टर नेटवर्क, भाखड़ा बांध की सुरक्षा, अवैध खनन और जालंधर सैन्य क्षेत्र के मुद्दे उठाए। प्रताप सिंह बाजवा ने गैंग्स्टरों पर जांच की मांग की, जबकि सरकार ने आरोपों को राजनीति बताया। अन्य विधायकों ने बाढ़, खनन और नागरिक सुविधाओं पर चिंता जताई।

पंजाब विधानसभा में बात सुनते हुए स्पीकर कुलतार सिंह संधवां।

  • विधानसभा में गैंगस्टरों की जांच की नेता विपक्ष ने उठाई मांग
  • कांग्रेस का विधानसभा के बाहर बरगाड़ी व बहबल कला गोलीकांड को लेकर प्रदर्शन।

विधानसभा के बाहर प्रदर्शन

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायकों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर सरकार से सवाल किया कि “बरगाड़ी बेअदबी कांड के गुनहगार कहां हैं?” और “बहबल कलां गोलीकांड के दोषियों को सजा कब मिलेगी?” विपक्ष ने आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले आम आदमी पार्टी ने इन मामलों में जल्द न्याय दिलाने का वादा किया था, लेकिन आज तक दोषियों को सजा नहीं मिल सकी।

लोगों को गुमराह करने के आरोप

नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार केवल पंजाब के लोगों को गुमराह करने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य का हर वर्ग सरकार से निराश है। कर्मचारियों की मांगें लंबित हैं, किसान परेशान हैं, युवा रोजगार को लेकर चिंतित हैं और आम लोगों के मुद्दों का समाधान नहीं हो रहा।

मुद्दों से भटकाने का प्रयास

उन्होंने कहा कि सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है, जबकि जनता जवाब चाहती है। बाजवा ने कहा कि कांग्रेस विधानसभा के भीतर भी जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी और सरकार से जवाब मांगेगी। प्रदर्शन के बाद विपक्षी विधायक नारेबाजी करते हुए सदन की कार्यवाही में शामिल होने के लिए विधानसभा के भीतर पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *