कोतवाली नई टिहरी अंतर्गत विकासखंड जाखणीधार के कोटी खास में मां की हत्या के बाद करीब एक माह से फरार चल रहे आरोपित बेटे को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस टीम ने ड्रोन कैमरे की मदद से जाखणीधार क्षेत्र के जंगलों में सघन सर्च अभियान चलाया और आरोपित को जंगल से दबोच लिया। आरोपित की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।
बीते 28 जुलाई को कोटी खास के भटगांव में 52 वर्षीय डुग्गा देवी पत्नी स्व. गुलाब सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किए जाने की बात सामने आई थी। स्वजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने महिला के बड़े पुत्र अजय सजवाण के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
बता दें कि आरोपित के जंगलों में छिपे होने और उसके पास दरांती होने की सूचना से आसपास के ग्रामीणों में भी भय का माहौल था। करीब एक माह तक लगातार फरार रहने के कारण पुलिस के सामने भी उसे पकड़ने की चुनौती बनी हुई थी।
एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे ने बताया कि मामले में गिरफ्तारी के बाद आरोपित से पूछताछ कर घटना के कारणों और हत्या में प्रयुक्त वस्तु समेत अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जाएगी। जिसके बाद अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

