हमीरपुर में चंद्रावल नदी में नहाते वक्त 5 लोग डूबे, ग्रामीणों ने 3 को बचाया, 2 बच्चे बहे
चंद्रावल नदी में नहाने गए महिला समेत चार बच्चे गहरे पानी में समां गए और डूबने लगे। महिला और बच्चों का शोर सुनकर मौके पर मौजूद एक ग्रामीण ने एक महिला और दो बच्चों को तो पानी से बाहर निकाल लिया। लेकिन तब तक नदी के तेज बहाव में दो बच्चे नदी में डूब गए। जिनकी तलाश स्थानीय गोताखोर कर रहे हैं।
रविवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे मौदहा कोतवाली के परछछ गांव निवासी 34 वर्षीय नीलम पत्नी कमलेश कुशवाहा के साथ गांव निवासी 10 वर्षीय अंश पुत्र जयसिंह कुशवाहा, 11 वर्षीय अंशिका उर्फ गिल्ली पुत्री कमलेश भुर्जी, आठ वर्षीय खुशी पुत्री कमलेश कुशवाहा व पांच वर्षीय ताशी पुत्री कमलेश कुशवाहा चंद्रावल नदी में नहाने के लिए गए थे। तभी नीलम समेत साथ गया अंश, अंशिका उर्फ गिल्ली, खुशी, तासी गहरे पानी में जाने लगे।
महिला और बच्चों का शोर सुनकर वहां मौजूद एक ग्रामीण ने नीलम, तासी और खुशी को बचा लिया। लेकिन अंश और अंशिका उर्फ गिल्ली नदी के पानी के तेज बहाव में समा गए। जैसे ही यह खबर बच्चों के स्वजन व ग्रामीणों को लगी तो नदी किनारे लोगों का मजमा एकत्र हो गया।
घटना की जानकारी एसडीएम व सीओ को दी गई। मौके पर एसडीएम, सीओ समेत मौदहा कोतवाली पुलिस बल पहुंचा और स्थानीय गोताखारों की मदद से नदी में बहे बच्चों की तलाश शुरू कर दी गई। घटना के करीब साढ़े तीन घंटे बीतने के बाद भी अभी तक बच्चों का कोई सुराग नहीं लगा है।
इस घटना से बच्चों के स्वजन बेहाल हैं। इस संबंध में एसडीएम मौदहा करनवीर सिंह ने बताया कि महिला समेत पांच लोग नदी नहाने आए थे। जिसमें सभी लोग डूबने लगे। नदी में बह रही महिला और दो बच्चों को बचा लिया गया। वहीं अंश और अंशिका का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। जिसके लिए स्थानीय गोताखोर लगे हैं और एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

