आप डेयरी खोलें, सरकार देगी 300 गज जमीन, किराया महज 1000 रुपये; हरियाणा वालों के लिए अच्छी खबर

8.8kViews
1608 Shares

 जिले में हरियाणा ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। ग्रामीण क्षेत्र में दूध के उत्पादन को बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा अब सांझी डेयरी खोली जाएगी।

इन डेयरियों का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा। प्रत्येक गांव में ये डेयरी खोलने की सरकार की योजना है। डेयरी खुलने के बाद जहां दूध का उत्पादन बढ़ेगा, वहीं समूह की महिलाओं को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे। सांझी डेयरी खोलने वाली समूह को सात रुपये प्रति लीटर दूध का अतिरिक्त शुल्क भी डेयरी डेवलपमेंट विभाग के माध्यम से सरकार महिलाओं को देगी।

सांझी डेयरी खोलने के लिए सरकार पंचायती जमीन करवाई उपलब्ध

गांव में खोली जाने वाली सांझी डेयरी को लेकर सरकार पंचायती जमीन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को उपलब्ध करवाएगी। शुरूआत में 300 गज जमीन दी जाएगी।

जब काम बढ़ जाएगा तो 50 गज अतिरिक्त जगह दी जाएगी। इस जमीन का किराया प्रति डेयरी एक हजार रुपये समूह को पंचायत को देना होगा। बता दें कि ग्रामीण क्षेत्र में दूध का उत्पादन लगातार कम होता जा रहा है।

लोगों ने पशुओं का पालन कम कर दिया है, इस कारण दूध की डिमांड तो बढ़ रही है, लेकिन उत्पादन घट रहा है। इसे देखते हुए सरकार ने अब सांझी डेयरी खोलने का फैसला लिया है।

जिले में 3389 स्वयं सहायता समूह, 36 हजार से ज्यादा महिलाएं जुड़ी

हरियाणा ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जिले में तीन हजार 389 स्वयं सहायता समूह हैं। इनमें 10 से 11 सदस्य शामिल हैं, कुल 36 हजार से ज्यादा महिलाएं जुड़ी हुई हैं।

सबसे ज्यादा गांव सिरसल में 80 स्वयं सहायता समूह हैं। इनमें 800 से ज्यादा महिलाएं जुड़ी हुई हैं। महिलाएं डेयरी, बिस्कुट बनाने का कार्य, बैग, परचून की दुकान, दरी, डिजाइनिंग जूती, फाइल कवर, सर्प, साबून बनाने का कार्य, खिलौने सहित अन्य कार्य महिलाएं कर रही हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने के बाद महिलाओं की आजीविका में बदलाव आया है।

दूध उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा: सुमन

गांव सिरसल में तनवी ग्रुप की संचालिका सुमन सिरसल ने बताया कि दूध का उत्पादन बढ़ाने के लिए सांझी डेयरी खोलने का प्रस्ताव सराहनीय है। इससे महिलाओं को रोजगार मिलेगा, जो दूध की कमी है वे दूर होगी। महिलाएं अब सरकार की योजनाओं से जुड़कर अपनी आजीविका को बढ़ाने में लगी हुई हैं।

सांझी डेयरी से मिलेगा रोजगार: सोनिया

दक्ष स्वयं सहायता समूह की महिला सोनिया ने बताया कि सरकार की सांझी डेयरी खोलने की अच्छी योजना है। इससे महिलाओं को राेजगार मिलेगा। आमदनी भी महिलाओं को बढ़ेगी।पशुओं की डेयरी से अच्छी क्वालिटी का दूध लोगों को उपलब्ध हो सकेगा।

खोली जाएंगी सांझी डेयरी: सीईओ

जिला परिषद के कार्यकारी अधिकारी सुरेश राविश ने बताया कि सरकार की तरफ से हरियाणा ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत पंचायतों का सहयोग लेकर सांझी डेयरी खोली जाएंगी।

प्रत्येक गांव में यह डेयरी खोलने की योजना है। दूध उत्पादन को बढ़ाने के लिए ये डेयरी खोली जा रही हैं। डेयरी के खुलने से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को रोजगार मिलेगा। जमीन पंचायतों द्वारा समूहों को उपलब्ध करवाई जाएगी। इसे लेकर जल्द ही समूहों का चयन करने के लिए आवेदन मांगे जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *