अपने प्यार के लिए कोई भी व्यक्ति किसी भी हद तक जा सकता है। ऐसा ही एक मामला पलामू के मेदिनीनगर से सामने आया है। प्रेमिका से मिलने की चाहत में एक युवक चोरी की बाइक लेकर मेदिनीनगर पहुंच गया, लेकिन बाइक में लगे जीपीएस ने उसकी पूरी योजना फ्लॉप कर दी। गढ़वा से चोरी हुई बाइक की लोकेशन जैसे ही मेदिनीनगर के बारालोटा में मिली।
बताया जाता है कि गढ़वा जिले के केतार थाना क्षेत्र के बांसडीह निवासी दिलीप कुमार गुप्ता की बाइक शनिवार रात घर के बाहर से चोरी हो गई थी। रविवार सुबह उठने पर बाइक गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी बाइक का पता नहीं चला तो दिलीप ने तत्काल इसकी सूचना केतार थाना पुलिस को दी।
बाइक में लगा था जीपीएस, लोकेशन पहुंची मेदिनीनगर
बाइक में जीपीएस लगा होने के कारण उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। कुछ ही देर में जीपीएस से बाइक की लोकेशन मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के बारालोटा में मिली। इसके बाद गढ़वा पुलिस की सूचना पर शहर थाना पुलिस सक्रिय हो गई।
लोकेशन मिलते ही पुलिस टीम बारालोटा पहुंची। वहां चोरी की बाइक के साथ शुभम पासवान को पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि युवक बाइक लेकर अपनी प्रेमिका से मिलने मेदिनीनगर आया था। पुलिस ने बाइक को जब्त कर युवक को हिरासत में ले लिया।
15 घंटे में बाइक बरामद
चोरी के करीब 15 घंटे के अंदर बाइक बरामद होने से पुलिस को बड़ी सफलता मिली। जीपीएस की मदद से पुलिस ने बाइक की लोकेशन तक पहुंचकर आरोपित युवक को पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर चोरी की घटना में उसकी भूमिका और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने चोरी की बाइक को 15 घंटे के अंदर जब्त कर युवक को भी हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ कर और जानकारी जुटाई जा रही है। चोरी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर ली गई है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

