कश्मीर में सुरक्षाबलों ने नाकाम की बड़ी साजिश, सोपोर सर्च ऑपरेशन में एक घर से 45 मोर्टार गोले बरामद

2.2kViews
1751 Shares

उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में सुरक्षाबलों को बुधवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोपोर के शीर कॉलोनी इलाके में चलाए गए एक संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने 45 मोर्टार शेल बरामद किए हैं। इतनी बड़ी संख्या में विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं।

अधिकारियों ने बताया कि यह बरामदगी एक सुनियोजित और सघन तलाशी अभियान के बाद हुई है। फिलहाल बरामद किए गए सभी गोलों को कब्जे में ले लिया गया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार सुबह सुरक्षाबलों को इलाके में संदिग्ध गतिविधि की गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर एक स्पेकुलेटिव कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन यानी CASO लॉन्च किया गया।

यह संयुक्त ऑपरेशन तीन सुरक्षा इकाइयों ने मिलकर चलाया जिसमें एसओजी सोपोर (Special Operations Group), सीआरपीएफ की 177वीं बटालियन और सेना की 52 राष्ट्रीय राइफल्स (RR) शामिल थीं।

ऑपरेशन का दायरा तरज़ू पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले घट निंगली और शीर कॉलोनी इलाके में रखा गया था। जवानों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर घर-घर तलाशी शुरू की। इसी दौरान एक मकान से यह बड़ा जखीरा बरामद हुआ।

किसके घर में छिपाकर रखे गए थे गोले?

तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों ने शीर कॉलोनी के निवासी शाहबाज अजीज डार पुत्र अब्दुल अजीज डार के रिहायशी मकान की तलाशी ली। तलाशी में घर के अंदर छिपाकर रखे गए 45 मोर्टार शेल मिले।

सूत्रों का कहना है कि गोले काफी पुराने भी हो सकते हैं, लेकिन उनमें विस्फोटक क्षमता अभी भी बनी हुई हो सकती है। इसलिए बम निरोधक दस्ते ने पूरे प्रोटोकॉल के साथ उन्हें वहां से हटाया और सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।

जांच तेज, कई एंगल पर हो रही पूछताछ

गोले बरामद होने के बाद पुलिस ने मकान मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह विस्फोटक सामग्री उसके घर तक कैसे पहुंची, इसके पीछे किस आतंकी संगठन का हाथ है। इसके अलावा अगर यह पुराना डंप किया हुआ गोला-बारूद है तो इसे कहां इस्तेमाल करने के लिए छिपाया गया था?

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। अधिकारियों ने बताया कि इस बरामदगी से निश्चित तौर पर किसी बड़ी आतंकी साजिश को टाल दिया गया है। फिलहाल पूरे शीर कॉलोनी और घट निंगली इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है और अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *