मेरठ में 15 दिन पहले बेटे को जन्म देने वाली महिला को दहेज लोभियों ने मौत के घाट उतारा, कार की कर रहे थे मांग
सरधना (मेरठ)। सरधना थाना क्षेत्र के पोहल्ली गांव में दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मायके पक्ष ने पति समेत ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतका के स्वजन ने सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित कर मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है।
रोहटा थाना क्षेत्र के चिंदौड़ी खास निवासी नवदीप पुत्र अमरेश ने बताया कि उसकी बहन प्रीति की शादी चार वर्ष पूर्व सरधना थाना क्षेत्र के पोहल्ली गांव निवासी अनिरूद्ध पुत्र महीपाल से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रीति का उत्पीड़न करते थे और उसके साथ मारपीट करते थे।
मायके पक्ष का आरोप है कि मंगलवार रात पति और अन्य ससुरालियों ने प्रीति की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर महिला के आरोपित पति अनिरूद्ध, देवर धीरज, सास व ससुर महिपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा। किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग
घटना के बाद मायके पक्ष के लोगों ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। जिसमें स्वजन व ग्रामीणों ने पूरी घटना बताकर मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग की है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

