सेक्टर-12 स्थित पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर) के आसपास से अतिक्रमण अब सख्ती होगी। सड़कों पर अनाधिकृत रूप से खड़े वाहनों को जब्त किया जाएगा।
इस संबंध में जिला उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने जिला सड़क सुरक्षा समिति (डीआरएससी) की 26वीं बैठक में आदेश जारी किए हैं। बैठक में सेक्टर-1 स्थित कैपिटल काॅम्प्लेक्स की व्यापक सुरक्षा योजना (कंप्रीहेंसिव सिक्योरिटी प्लान) को भी मंजूरी दी गई।
बैठक में एसएसपी ट्रैफिक, इंजीनियरिंग विभाग, नगर निगम, चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों और एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
30 सड़क हादसों के पीड़ितों को कैशलेस उपचार
समिति को सड़क दुर्घटना पीड़ितों के कैशलेस उपचार के लिए संचालित पीएम राहत योजना की प्रगति की जानकारी दी गई। योजना शुरू होने के बाद टीएमएस 2.0 पोर्टल पर अब तक 30 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से 21 मामलों को मंजूरी मिल चुकी है।
83 घातक दुर्घटना स्थलों की जांच
समिति ने शहर के 83 घातक सड़क दुर्घटना स्थलों के संयुक्त निरीक्षण के बाद की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि दो संबंधित सर्किल डिवीजनों के अंतर्गत क्रमशः 16 और 26 स्थानों पर अनुशंसित सड़क सुरक्षा उपाय लागू किए जा चुके हैं। बाकी स्थानों पर भी सुरक्षा उपाय जल्द लागू करने के निर्देश दिए गए।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

