हिमाचल प्रदेश में फ्लैश फ्लड और लैंडस्लाइड की चेतावनी, 3 घंटे भारी बारिश का अलर्ट; नदी-नाले उफान पर

1992 Shares

 हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का दौर थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग ने 11 अगस्त तक पूरे प्रदेश में रुक-रुककर वर्षा होने और कुछ जगह भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अगले तीन घंटे में झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है। लैंडस्लाइड और फ्लैश फ्लड की चेतावनी है। मला समेत पूरे प्रदेश में बादल छाए हैं।

ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा, सिरमौर और सोलन में भारी वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। प्रशासन ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को नदी-नालों के पास न जाने और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह दी है।

24 घंटे में भारी बारिश दर्ज

प्रदेश में मानसून की सक्रियता से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बीते 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में भी गिरावट आई है। मौसम केंद्र शिमला ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि आगामी 11 अगस्त तक प्रदेश भर में छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश का दौर जारी रहेगा।

सिरमौर में सबसे ज्यादा वर्षा हुई

मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान सिरमौर जिले के जट्टन बैराज में सर्वाधिक 135.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा ऊना के रायपुर मैदान में 124.2 मिमी, बिलासपुर के नैना देवी में 110.6 मिमी, कांगड़ा के देहरा गोपीपुर में 97.2 मिमी और हमीरपुर के नदौन में 90.0 मिमी वर्षा हुई। कांगड़ा में 76.2 मिमी तथा नाहन में 64.5 मिमी बारिश से नदियां और नाले उफान पर हैं।

कुकुमसेरी सबसे ठंडा, हमीरपुर सबसे गर्म

राज्य में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया है और यह सामान्य के आसपास बना हुआ है। लाहुल-स्पीति का कुकुमसेरी 13.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहीं, हमीरपुर में अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *