अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ करने पर फिर गरमाई सियासत, शासन ने मांगी रिपोर्ट

1410 Shares

अलीगढ़ का नाम बदलकर हरिगढ़ किए जाने की मांग एक बार फिर चर्चा में आ गई है। इस संबंध में शासन स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ी है। राजस्व परिषद के आयुक्त एवं सचिव सूरज कुमार यादव ने मंडलायुक्त के माध्यम से जिला प्रशासन से विस्तृत व औचित्यपूर्ण रिपोर्ट तलब की है। यह रिपोर्ट जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिए गए प्रस्ताव के आधार पर मांगी गई है।

2021 में उठी थी नाम बदलने की मांग

अलीगढ़ का नाम बदलने की मांग सबसे पहले अगस्त 2021 में औपचारिक रूप से उठी थी। जिला पंचायत की पहली बोर्ड बैठक में सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ करने का प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजा था। इसके बाद नवंबर 2023 में नगर निगम की सदन बैठक में भी इसी आशय का प्रस्ताव पारित किया गया, लेकिन शासन स्तर पर अंतिम मंजूरी नहीं मिल सकी।

राजस्व परिषद ने मंडलायुक्त के माध्यम से जिला प्रशासन से मांगी औचित्यपूर्ण आख्या

हाल ही में जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर इस मांग को फिर दोहराया और प्रस्ताव पर शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया। इसके बाद अब शासन ने पूरे प्रकरण पर जिला प्रशासन से रिपोर्ट मांगी है। इस मांग को राजनीतिक स्तर पर भी समय-समय पर समर्थन मिलता रहा है।

22 अगस्त 2025 को पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर अलीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंच से कहा था कि ‘अब अलीगढ़ को हरिगढ़ बनने में अधिक देर नहीं होनी चाहिए।’ उनके इस बयान के बाद भी नाम परिवर्तन का मुद्दा चर्चा में रहा।

2021 में जिला पंचायत व 2023 में नगर निगम पहले ही पारित कर चुके हैं प्रस्ताव

ऐतिहासिक दृष्टि से भी अलीगढ़ का नाम कई बार बदला जा चुका है। इतिहासकारों के अनुसार पिछले लगभग 600 वर्षों में शहर का नाम पांच बार परिवर्तित हुआ है। सबसे पहले इसे कोल के नाम से जाना जाता था और बाद में विभिन्न शासकों के शासनकाल में नाम बदलते हुए वर्तमान में अलीगढ़ नाम प्रचलित हुआ। अब शासन द्वारा रिपोर्ट तलब किए जाने के बाद हरिगढ़ नामकरण की मांग ने एक बार फिर प्रशासनिक व राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई शासन स्तर पर तय होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *