जंतर-मंतर छात्र प्रदर्शन की पोस्ट का समर्थन पड़ा भारी, हरियाणा में कृषि बोर्ड के अधिकारी निलंबित

1318 Shares

हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड में फतेहाबाद में कार्यरत जिला मार्केटिंग एन्फोर्समेंट अधिकारी (डीएमईओ) सुल्तान सिंह को प्रदेश सरकार ने निलंबित कर दिया है।

बोर्ड के मुख्य प्रशासक धर्मेंद्र सिंह की ओर से जारी आदेश में सस्पेंशन की अवधि के दौरान उनका मुख्यालय हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड, पंचकूला स्थित मुख्य प्रशासक कार्यालय निर्धारित किया गया है। सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना उन्हें मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।

हालांकि, सस्पेंशन आदेश में कार्रवाई का कारण स्पष्ट नहीं किया गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों की ओर से किए गए प्रदर्शन से संबंधित कुछ कंटेंट सोशल मीडिया पर प्रसारित करने और उसका समर्थन करने की शिकायत उच्चाधिकारियों तक पहुंची थी। इसी शिकायत के बाद विभाग की ओर से कार्रवाई किए जाने की बात सामने आ रही है।

सोनाली फोगाट से विवाद के बाद भी चर्चा में आए थे

सुल्तान सिंह का नाम इससे पहले भाजपा की पूर्व नेत्री और टिकटॉक स्टार सोनाली फोगाट से जुड़े विवाद के कारण भी सुर्खियों में रहा था। पांच जून 2020 को हिसार के बालसमंद गांव की मंडी में निरीक्षण के दौरान सोनाली फोगाट ने तत्कालीन मार्केट कमेटी सचिव सुल्तान सिंह की थप्पड़ और सैंडल से पिटाई की थी।

सोनाली ने सुल्तान सिंह पर अभद्र भाषा और गलत व्यवहार का आरोप लगाया था। वहीं, सुल्तान सिंह ने आरोपों को खारिज करते हुए इसे चुनावी रंजिश का परिणाम बताया था। दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज हुए थे। अब सोनाली फोगाट का निधन हो चुका है।

सुरजेवाला के नजदीकी होने की भी रही चर्चा

सुल्तान सिंह को कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला का नजदीकी भी बताया जाता रहा है। जींद उपचुनाव के दौरान सुरजेवाला के समर्थन में वोट मांगने के आरोप में उनके खिलाफ शिकायत भी हुई थी।

डीएमईओ सुल्तान सिंह ने कहा कि उनके खिलाफ झूठी शिकायत की गई है। उन्होंने कहा, “15 साल हो गए, मैं कभी दिल्ली नहीं गया। मैंने किसी का समर्थन नहीं किया।” उन्होंने कहा कि सस्पेंशन आदेश में कारण नहीं बताया गया है और वह इसके खिलाफ हाई कोर्ट जाएंगे। उन्होंने इसे किसी की शरारत बताते हुए कहा कि विभाग में जाकर पूरे मामले की जानकारी लूंगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *