कांवड़ यात्रा में ‘Hawk Eye’ का सख्त पहरा! भीड़ बढ़ते ही बजेगा अलार्म, हथियार लहराया तो तुरंत पकड़ेगी एआई पुलिस
कांवड़ियों की निगरानी के लिए बरेली पुलिस ने एक नया एआइ साफ्टवेयर (हाक आई) बनाया है। यह साफ्टवेयर अचानक भीड़, ट्रैफिक बढ़ने, शस्त्र दिखाई देने पर अलार्म बजाएगा जिससे कंट्रोल रूम में बैठे लोगों को यह पता चल सके कि किस क्षेत्र में भीड़ बढ़ी है। जिससे वहां पर फोर्स को भेजकर शांति व्यवस्था बनाई जा सके।
इस साफ्टवेयर की सबसे अच्छी खासियत है यह है कि अगर, भीड़ में किसी भी व्यक्ति ने कोई भी शस्त्र (चाकू, तलवार, तमंचा या कुछ अन्य) निकाला तो यह एआइ साफ्टवेयर उसे डिटेक्ट कर तत्काल अलार्म बजा देगा और उस व्यक्ति का फोटो भी पुलिस को दे देगा। जिससे उसे पकड़ा जा सके। इसके अलावा भी इस एआइ साफ्टवेयर से निगरानी की जाएगी।
एडीजी जोन रमित शर्मा ने कांवड़ियों की निगरानी और सुरक्षा के लिए पुलिस लाइंस में जोनल कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां से जोन के सभी नौ जिलों के उन रास्तों की निगरानी की जा रही है। जहां से कांवड़ियों का आना जाना है। इसके अलावा जलाभिषेक वाले शिव मंदिरों को भी इस कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है।
सभी जगहों पर पुलिस की भारी संख्या में ड्यूटी लगाई गई है। मगर इसके बाद भी अतिरिक्त निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। जोनल कंट्रोल रूम प्रभारी एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि पुलिस की ओर से हाक आई नाम का एआइ साफ्टवेयर तैयार किया है। यह साफ्टवेयर सेल्फ ट्रेनिंग माडल पर काम करता है।
इसे कंट्रोल रूम के सिस्टम में इंस्टाल किया गया है। वर्तमान में यह जितने भी सीसीटीवी कैमरों को इस कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। यह सभी पर नजर रखेगा। किसी भी फुटेज में इसे कोई भी व्यक्ति शस्त्र के साथ दिखाई देगा तो यह तुरंत अलार्म बजाकर उस व्यक्ति का फोटो स्क्रीन पर दिखाने लगेगा।
इससे तत्काल वहां की पुलिस को अलर्ट भेजकर उस व्यक्ति को पकड़ा जा सके। इसके अलावा कहीं भी लंबे समय तक ट्रैफिक रुकता है तो भी यह अलार्म देगा। इसका मतलब वहां पर कुछ ऐसी अड़चन है जिससे जाम की स्थिति बन गई है। इतना ही नहीं, यह पुलिस की गाड़ियों के मूवमेंट को भी कैप्चर करेगा।
झगड़ा होने पर भी बज जाएगा अलार्म
एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि इस साफ्टवेयर की एक खासियत यह भी है कि, यदि भीड़ में कोई भी व्यक्ति झगड़ा शुरू कर दे तो यह उसे भी डिटेक्ट कर लेगा। तत्काल प्रभाव से अलार्म बजेगा और पुलिस को पता चल जाएगा कि किस स्थान पर झगड़ा हुआ है। इसका फायदा होगा कि तुरंत ही मौके पर पहुंचकर पुलिस झगड़ा बढ़ने से पहले शांत करा देगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

