जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद! रेलवे ने निकाला हल, आज से दौड़ेगी बडगाम-कटरा स्पेशल ट्रेन

1940 Shares

श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे पर खराब मौसम के कारण यातायात बंद होने से हजारों यात्री जगह-जगह फंसे हुए हैं। इसी को देखते हुए नार्दर्न रेलवे ने शनिवार को यात्रियों की सुविधा के लिए बडगाम और श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच स्पेशल ट्रेन सेवा शुरू करने का ऐलान किया है।

रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि हाईवे बंद होने के बाद श्रीनगर और कटरा रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी, जिसके बाद यह फैसला लिया गया।

उन्होंने कहा कि लगातार खराब मौसम के चलते जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे को बंद करना पड़ा है। हाईवे कश्मीर घाटी को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाली मुख्य सड़क है। इसके बंद होने से आम यात्री, टूरिस्ट और वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालु बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।

क्या रहेगा ट्रेन का टाइम-टेबल?

रेलवे के अनुसार स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल इस प्रकार रहेगा:

बडगाम से कटरा: दोपहर 1:00 बजे बडगाम से रवाना होगी और शाम 4:20 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। रास्ते में यह ट्रेन श्रीनगर, बनिहाल और संगलदान स्टेशनों पर रुकेगी।

कटरा से बडगाम (वापसी): यही ट्रेन शाम 5:05 बजे कटरा से बडगाम के लिए रवाना होगी और रात 8:30 बजे बडगाम पहुंचेगी।

रेलवे अधिकारियों ने साफ किया है कि यह स्पेशल सेवा अस्थायी नहीं, बल्कि तब तक जारी रहेगी जब तक हाईवे पर सामान्य यातायात बहाल नहीं हो जाता। यानी जब तक सड़क नहीं खुलती, यात्रियों को रेल के जरिए आवाजाही की सुविधा मिलती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *