केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने केंद्रीय बल के अलंकरण समारोह के दौरान जवानों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें बिना किसी भय के अपना कर्तव्य निभाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि निडर होकर अपने कर्तव्यों का निर्भीक ढंग से निर्वाह करते रहें।
महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने कहा, “मैं आप सभी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि चाहे हमारी ऑपरेशनल बटालियन हों या लॉ एंड ऑर्डर यूनिट्स, आप देशहित, जनहित और फोर्स के हित में जो भी फैसले लें और जो भी कार्रवाई करें, बशर्ते वे आपकी ड्यूटी के ईमानदारी से निर्वहन के तहत हों, उन सभी फैसलों और कार्रवाइयों की पूरी जिम्मेदारी मैं लेता हूं।”
उन्होंने कहा, “निडर होकर अपने कर्तव्यों का निर्भीक ढंग से निर्वाह करते रहें। जहां भी जिम्मेदारी या जवाबदेही लेने की आवश्यकता होगी, मैं महानिदेशक के रूप में उसे स्वीकार करूंगा।”
पैलेट गन विवाद के बीच RAF की कार्रवाई का समर्थन
बता दें कि सीआरपीएफ की एक इकाई, रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों से जब नीट परीक्षा के पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पैलेट गन से फायरिंग करने के मामले में सवाल पूछे जा रहे हैं, तब सीआरपीएफ के महानिदेशक जीपी सिंह ने अपने सभी सैनिकों द्वारा अपने कर्तव्यों के उचित निर्वहन में लिए गए निर्णयों और कार्रवाइयों का समर्थन किया है।
सभी प्रोटोकॉल का किया गया पालन
सीआरपीएफ द्वारा घटना के बाद किए गए आकलन में पाया गया है कि 20 जुलाई को नीट विरोधी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के दौरान आरएएफ कर्मियों द्वारा सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) और निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन किया गया था।
गौरतलब है कि देश की कानून-व्यवस्था से लेकर पूर्वोत्तर के उग्रवाद और मध्य भारत में नक्सलवाद से निपटने वाली CRPF के लिए नेतृत्व का यह भरोसा बेहद अहम माना जाता है। आरएएफ सीआरपीएफ के अधीन आता है और दंगा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और नागरिक अशांति से निपटने के लिए प्रशिक्षित है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

