बेंगलुरु में आंध्र प्रदेश के व्यक्ति ने रेलवे ट्रैक पर दी जान, आवारा कुत्ते क्रिकेट ग्राउंड तक खींचकर ले गए कटा हुआ सिर
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में बुधवार सुबह वर्तूर पुलिस स्टेशन इलाके के कोडाथी गांव में एक क्रिकेट ग्राउंड के पास एक आदमी का कटा हुआ सिर मिलने से इलाके के लोगों में दहशत फैल गई।
बाद में पुलिस को पता चला कि मरने वाले व्यक्ति ने कथित तौर पर निजी कारणों से मंगलवार रात चलती ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या कर ली थी और उसके कटे हुए सिर को आवारा कुत्ते खींचकर क्रिकेट ग्राउंड तक ले गए। मृतक की पहचान आंध्र प्रदेश के रहने वाले विश्वनाथ (28) के तौर पर हुई है।
पुलिस ने क्या बताया?
डिप्टी कमिश्नर (व्हाइटफील्ड) सैदुलु अदावथ ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे क्रिकेट ग्राउंड के सिक्योरिटी गार्ड ने मैदान के पास कटा हुआ सिर देखा और नम्मा 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन को इसकी सूचना दी। होयसला के जवान संबंधित पुलिस इंस्पेक्टर और उनकी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। चूंकि यह इलाका जंगल से घिरा हुआ है इसलिए पुलिस ने शव की तलाश के लिए आस-पास के इलाके में छानबीन शुरू कर दी।
तलाशी के दौरान उन्हें रेलवे पुलिस के कर्मचारी मिले जो साथ-साथ तलाशी ले रहे थे। मंगलवार को रात 8.30 बजे से 9 बजे के बीच उस जगह से करीब 400 मीटर दूर एक रेल हादसा हुआ था, जहां कटा हुआ सिर मिला था। रेलवे पुलिस को रेलवे ट्रैक पर बिना सिर वाली लाश मिली थी और उन्होंने उसे अस्पताल पहुंचाया था।
ट्रेन की टक्कर से सिर धड़ से हो गया अलग
बैयाप्पनहल्ली रेलवे पुलिस और संबंधित इलाके की पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, ट्रेन की टक्कर से उस व्यक्ति का सिर धड़ से अलग हो गया जिसे बाद में आवारा कुत्ते घसीटकर क्रिकेट ग्राउंड तक ले गए।
बैयाप्पनहल्ली रेलवे पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है और कटे हुए सिर को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। मंगलवार रात पुलिस ने मृतक की पहचान की और उसके परिवार वालों को सूचित किया।
पुलिस ने बताया कि विश्वनाथ एक प्राइवेट कंपनी में काम करते थे और रिलेशनशिप में थे। यह कदम उठाने से पहले उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड से फोन पर बात की थी। आत्महत्या की असल वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

