“बत्ती गुल… फिर बवाल! ओम साई हॉस्पिटल संचालक पर बिजली कर्मचारियों से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का आरोप, CCTV बना गवाह?”

6.0kViews
1039 Shares

सिंगरौली। जिले के वैढ़न कोतवाली क्षेत्र स्थित बिलौजी के ओम साईं हॉस्पिटल एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार अस्पताल के संचालक डॉ. विनोद विश्वकर्मा पर बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज, मारपीट की धमकी और एक कर्मचारी को घसीटने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। घटना का कथित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आने का दावा किया जा रहा है, जिसके आधार पर बिजली विभाग के कर्मचारी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, अस्पताल की बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद अस्पताल संचालक बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे। आरोप है कि वहां पहुंचने के दौरान कर्मचारियों के साथ गाली गलौज करने लगे जिसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि डॉ. विनोद विश्वकर्मा ने बिजली विभाग के अधिकारी जसप्रीत सिंह और अन्य कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, एक कर्मचारी को कथित तौर पर पकड़कर घसीटने का भी आरोप लगाया गया है। बिजली विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। कर्मचारी कथित फुटेज और शिकायत लेकर वैढ़न कोतवाली पहुंचे, लेकिन उनका आरोप है कि प्रभावशाली व्यक्ति होने के कारण अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपों पर विधिसम्मत कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सामूहिक हड़ताल पर चले जाएंगे। कर्मचारियों का कहना है कि हड़ताल की स्थिति में जिले की बिजली आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि सीसीटीवी फुटेज मौजूद है, तो अब तक पुलिस ने क्या कार्रवाई की है? क्या शिकायत के आधार पर निष्पक्ष जांच होगी या फिर मामला रसूख के दबाव में दब जाएगा? इन सवालों के जवाब का इंतजार पूरे जिले को है।

नोट: डॉ. विनोद विश्वकर्मा का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *