गोरखपुर में मगरमच्छ के हमले से भैंस की मौत, ग्रामीणों में डर का माहौल
रोहिन नदी में सोमवार शाम मगरमच्छ के हमले से एक भैंस की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र के पशुपालकों में दहशत का माहौल है। घोलहवां गांव के कुछ पशुपालक सोमवार को अपनी भैंसों को चराने के बाद नहलाने के लिए जंगल कौड़िया गांव के पास रोहिन नदी में ले गए थे। इसी दौरान मगरमच्छ ने अचानक एक भैंस पर हमला कर दिया और उसे अपने जबड़ों में दबोच लिया।
पशुपालकों ने काफी प्रयास कर भैंस को बचाने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। कुछ ही देर में भैंस की मौत हो गई। भैंस का आकार बड़ा होने के कारण मगरमच्छ उसे नदी के अंदर नहीं ले जा सका। काफी देर तक संघर्ष करने के बाद मगरमच्छ भैंस को छोड़कर वापस नदी में चला गया। यह भैंस सरहरी रामपुर टोला भगवानपुर के इंदल यादव की थी। घटना के बाद पशुपालकों और ग्रामीणों में भय का माहौल है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

