इस्लामाबाद में ईरान-पाकिस्तान की अहम मुलाकात, क्या US-Iran युद्ध का निकलेगा हल?
अमेरिका और ईरान के बीच अंतरिम समझौता टूटने के बाद पाकिस्तान में बातचीत का दौर जारी है। ईरान के गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी बातचीत के लिए इस्लामाबाद पहुंचे हैं।
एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, दो अधिकारियों ने बताया कि ईरान के गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाकात की।
शहबाज शरीफ से मिले ईरान के गृह मंत्री
ईरान के गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी ने आज मंगलवार, 21 जुलाई को इस्लामाबाद पहुंचकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से बातचीत की है।
अधिकारियों ने नाम न बताने की शर्त पर यह जानकारी दी क्योंकि उन्हें इस मामले पर सार्वजनिक रूप से बात करने की इजाजत नहीं थी। अधिकारियों ने तुरंत बैठक का विवरण जारी नहीं किया।
पाकिस्तान और ईरान के बीच इस्लामाबाद में हुई इस बैठक के बाद ये कयास लगाए जा रहे हैं कि अमेरिका और ईरान फिर एक बार बातचीत के लिए आमने-सामने आएंगे।
अमेरिका-ईरान के बीच टूटा सीजफायर
अमेरिका-ईरान के बीच 60 दिनों के युद्धविराम का समझौता हुआ था और उसमें यह तय हुआ था कि अंतिम समझौते तक दोनों देश एक-दूसरे पर हमला नहीं करेंगे, लेकिन ये सीजफायर एक महीने भी नहीं टिक सका।
अमेरिका-ईरान के बीच तनाव लगातार जारी है। दोनों देश एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं। दोनों देशों ने सैन्य ठिकानों के साथ ही बुनियादी ढांचों पर भी हमले तेज कर दिए हैं।
ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने सीजफायर टूटने के बाद कहा था, ‘अमेरिका ने इस्लामाबाद एमओयू के तहत अपनी प्रतिबद्धताओं का उल्लंघन किया है। अब तेहरान भी समझौते का पालन नहीं करेगा, क्योंकि समझौते का अब कोई मतलब नहीं रह गया है। फिलहाल ईरान का पूरा ध्यान देश की रक्षा पर है।’

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

