वैशाली में 9वीं की छात्रा से चाचा और उनके दोस्त ने किया दुष्कर्म, प्राथमिकी दर्ज; मां बोली- इंसाफ चाहिए

9.7kViews
1903 Shares

गोरौल थाना क्षेत्र के एक गांव से रिश्तों को तार-तार करने वाली घटना सामने आई है। यहां स्कूल जा रही 9वीं कक्षा की 14 वर्षीय छात्रा का उसके ही रिश्ते में लगने वाले चाचा ने एक सहयोगी के साथ मिलकर रास्ते से अपहरण कर लिया और उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

स्वजन ने एक नामजद एवं एक अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी कराई। पीड़िता 18 जुलाई को सुबह स्कूल जा रही थी।

आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे आरोपी चाचा ने अपने एक साथी के साथ मिलकर उसे बाइक पर बैठा लिया और सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद दोनों आरोपी छात्रा को बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए।

स्थानीय लोगों की नजर जब बेहोश छात्रा पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत स्वजन को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।

एक नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी

सूचना मिलते ही गोरौल थाना पुलिस और महुआ एसडीपीओ संजीव कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। छात्रा को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पीड़िता के बयान के आधार पर पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में एक नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी की गई है।

मेडिकल जांच के लिए छात्रा को सदर अस्पताल हाजीपुर भेजा गया है। वहीं न्यायालय के समक्ष उसका बयान भी दर्ज कराया जा चुका है।

घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम भी पहुंची। टीम ने मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।

गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी

इस संबंध में महुआ एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि 20 जुलाई को गोरौल थाने में आवेदन प्राप्त हुआ था।

पीड़िता ने बताया कि 18 जुलाई को जब वह पढ़ने जा रही थी तो जान-पहचान के एक व्यक्ति ने बाइक पर बैठाकर ले जाकर गलत काम किया।

प्राथमिकी एक ज्ञात और एक अज्ञात के विरुद्ध दर्ज की गई है। बच्ची का मेडिकल और न्यायिक बयान हो चुका है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *