चतरा में कंप्यूटर शिक्षक का शव मिलने से सनसनी, आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच सड़क किया जाम

1659 Shares

प्रखंड क्षेत्र के घंघरी गांव स्थित डोभी-चतरा राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान घंघरी गांव निवासी महावीर यादव के 37 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार यादव के रूप में हुई है। वह प्रतापपुर हाई स्कूल में कंप्यूटर शिक्षक के रूप में कार्यरत था।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आक्रोशित होकर सुबह करीब पांच बजे से एनएच डोभी-चतरा को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की जानकारी मिलते ही वशिष्ट नगर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद डीएसपी सुनील कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी निखिल गौरव तथा अंचलाधिकारी कमान कच्छप भी घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।

अधिकारियों ने लोगों को निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

वहीं, ग्रामीण घटना की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और सड़क जाम समाप्त कराने के लिए ग्रामीणों से वार्ता जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *