रायबरेली में 98 बीघे तालाब की पैमाइश शुरू, पर्यटन विभाग को सौंपी जाएगी जमीन

5.1kViews
1617 Shares

 राजस्व विभाग भवानी नगर स्थित 300 साल पुराने शैवालेश्वर मंदिर के नजदीक करीब 98 बीघे तालाब की पैमाइश कर रहा है। माना जा रहा है कि नाप जोख के बाद मंदिर को विकसित करने के लिए पर्यटन विभाग काम शुरू कर सकता है।

गांव के एक व्यक्ति ने लगभग चार दशक पहले मंदिर के पास 13 बीघे से अधिक जमीन खरीदी थी। वर्ष 2020 में जब कमेटी मंदिर का जीर्णोद्धार करा रही थी। इस दौरान क्रेता के परिवार के लोगों ने आपत्ति जताई थी।

उनका कहना था कि मंदिर परिसर खरीदी गई जमीन में ही है। यहीं से मंदिर कमेटी एवं जमीन क्रेता के बीच विवाद चला आ रहा है और मामला राजस्व प्रशासन के पास विचाराधीन है।

मंदिर कमेटी की मांग पर वर्तमान उपजिलाधिकारी सदर गौतम सिंह ने मौके पर जाकर स्थिति देखी थी। मंदिर कमेटी के कृष्ण कुमार सिंह ने एसडीएम को बताया कि लगभग 98 बीघे तालाब की जमीन है। एसडीएम के निर्देश पर गुुरुवार से तालाब की पैमाइश शुरू की गई।

शुक्रवार को राजस्व निरीक्षक अरविंद सिंह, पुरुषोत्तम सिंह एवं कई लेखपालों ने तालाब की निशानदेही की। राजस्व निरीक्षक अरविंद सिंह ने बताया कि निशान देही की जा रही है। तालाब को पर्यटन विभाग को सौंपा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *