‘हमें प्लीज बचा लो’, भारत के खिलाफ T20I सीरीज ड्रॉ करने के बाद वेस्टइंडीज के कोच डैरन सैमी ने की भावुक अपील
वेस्टंडीज क्रिकेट टीम के हेड कोच डैरन सैमी ने उम्मीद जताई है कि भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम को स्पॉन्सर मिल सकते हैं। गौरतलब हो कि वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड इन दिनों भारी आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है, जिसकी वजह से उन्होंने खिलाड़ियों की मैच फीस में 25 प्रतिशत की कटौती करने का भी फैसला किया है।
अब भारत के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज में विंडीज ने शानदार खेल दिखाया है। कैरेबियाई टीम को भले ही वनडे सीरीज में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा लेकिन उन्होंने टीम इंडिया को कड़ी टक्कर दी थी। इसके अलावा उन्होंने टी20 सीरीज को 2-2 से बराबरी पर समाप्त किया क्योंकि बेंगलुरु में खेला गया मुकाबला बारिश की वजह से रद हो गया। ऐसे में अब सैमी को उम्मीद है कि इससे आर्थिक रूप से तंगी झेल रहे क्रिकेट बोर्ड को बाहर निकालने में मदद मिलेगी।
डैरन सैमी ने शानदार प्रदर्शन के बाद जताई उम्मीद
शनिवार को बेंगलुरु में पांचवें टी20 मैच के रद होने के बाद विंडीज के कोच ने बड़ी उम्मीद जताई है। उन्होंने कहा, “मेरी मां हमेशा कहती थी कि आपके अंदर एक केयर फैक्टर होना चाहिए। आप अपनी जिंदगी में कुछ भी कर रहे हों, बस उस केयर फैक्टर को नहीं खोना चाहिए। मुझे लगता है कि अब हम ऐसी स्थिति में हैं, जहां कोई व्यक्ति आर्थिक रूप से वेस्टइंडीज क्रिकेट की मदद करे।”
उन्होंने आगे कहा, “भारत दुनिया की सबसे अच्छी टीम है और उसके खिलाफ उसी के घर में इस तरह का प्रदर्शन हमें बातचीत के और करीब लाता है। भारत जब किसी आईसीसी इवेंट में जाता है, तो वो वर्ल्ड कप जीतेगा ही। ऐसा इसलिए है क्योंकि उन्होंने बहुत कुछ किया है। जब हम कहीं जाते हैं, तो हमें अच्छा प्रदर्शन करना होता है। इसमें से हमने कुछ चीजें ठीक की हैं लेकिन मुझे लगता है कि अभी हमारे सामने चुनौती है। उम्मीद है कि इस सीरीज के बाद स्टेकहोल्डर्स और स्पॉन्सर्स से बातचीत करने में मदद मिलेगी।”
इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज सीरीज 2-2 से ड्रॉ
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की सीरीज 2-2 से ड्रॉ रही। मेहमान टीम ने शानदार खेल दिखाया। भारत ने पहले मैच में जीत हासिल की थी लेकिन दूसरे मैच में विंडीज ने 250 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर चेज किया। इसके बाद तीसरे मुकाबले में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम ने वापसी की और मुकाबला जीता लेकिन चौथा टी20 मैच एक बार फिर से विंडीज ने अपने नाम कर लिया। आखिरी मैच बारिश की भेंट चढ़ गया और मैच रद हो गया।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

