बिहार में प्रशासनिक सेवाओं को मिलेगी नई धार, बिपार्ड और प्रधान महालेखाकार के बीच तीन साल का बड़ा समझौता
। बिहार में प्रशासनिक सेवाओं के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण को मजबूत करने की दिशा में शनिवार को बड़ा कदम उठाया गया। बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) और प्रधान महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी) के बीच फैकल्टी आदान-प्रदान को लेकर समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए।
यह एमओयू आगामी तीन वर्षों तक प्रभावी रहेगा। आपसी सहमति से इसके नवीनीकरण का भी प्रावधान रखा गया है।
प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण पर रहेगा फोकस
बिपार्ड के महानिदेशक डॉ. बी. राजेन्दर और प्रधान महालेखाकार संतोष कुमार ने दोनों संस्थानों की ओर से समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
समझौते का उद्देश्य भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), बिहार प्रशासनिक सेवा (बीएएस) सहित अन्य सेवा प्रशिक्षु अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण में सहयोग को मजबूत करना है।
संयुक्त प्रशिक्षण, कार्यशालाएं और विशेषज्ञों का आदान-प्रदान
एमओयू के तहत दोनों संस्थान संयुक्त रूप से प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाएं और संगोष्ठियों का आयोजन करेंगे।
साथ ही विषय विशेषज्ञों एवं संकाय सदस्यों का आदान-प्रदान किया जाएगा। सरकारी लेखांकन, वित्तीय नियम, सेवा नियम, पेंशन, जीपीएफ, ई-गवर्नेंस और अन्य प्रशासनिक विषयों पर विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
संसाधनों और प्रशिक्षण सामग्री का होगा साझा उपयोग
समझौते के तहत दोनों संस्थान प्रशिक्षण कक्ष, आईटी अवसंरचना और अन्य उपलब्ध संसाधनों का साझा उपयोग करेंगे।
इसके अलावा प्रशिक्षण सामग्री, सर्वोत्तम कार्य-पद्धतियों और संस्थागत अनुभवों का आदान-प्रदान किया जाएगा। योग्य अधिकारियों को प्रशिक्षक के रूप में नामित कर संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण योजना भी तैयार की जाएगी।
तीन साल तक प्रभावी रहेगा समझौता
दोनों संस्थानों के बीच हुआ यह एमओयू तीन वर्षों तक प्रभावी रहेगा। आपसी सहमति से इसका नवीनीकरण भी किया जा सकेगा।
समझौते के अनुसार गोपनीय सूचनाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी तथा विकसित प्रशिक्षण सामग्री का उपयोग केवल आधिकारिक और गैर-व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा।
दक्षता भवन का किया निरीक्षण
समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के बाद दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों ने बिपार्ड के नवनिर्मित दक्षता भवन परिसर का निरीक्षण किया।
उन्होंने परिसर में उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। इस अवसर पर बिपार्ड के अपर महानिदेशक संजय कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

