हिमाचल में भारी बारिश का रेड अलर्ट, 5 जिलों में दो दिन कड़े तेवर दिखाएगा मौसम; प्रशासन ने जारी की एडवायजरी

1868 Shares

हिमाचल प्रदेश में एक सप्ताह के बाद सक्रिय हुए मानसून से पांच जिलों चंबा, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर, कुल्लू के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य में 18 जुलाई की मध्यरात्रि (आज रात) से लेकर 23 जुलाई तक मानसून के बेहद सक्रिय रहने की प्रबल संभावना है।

इस दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी वर्षा का दौर देखने को मिलेगा। विशेष रूप से राज्य के मध्य पहाड़ी इलाकों और उससे सटे निचले पहाड़ी व मैदानी जिलों के लिए भारी चेतावनी जारी की है।

5 दिन जोखिमभरे

20 और 21 जुलाई को दो दिनों के दौरान मध्य पहाड़ी और मैदानी इलाकों में एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होने की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए इन पांच जिलों में स्थानीय प्रशासन को अलर्ट पर रहने को कहा गया है।

19, 22 और 23 जुलाई को भी भारी वर्षा का क्रम बना रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक इन दिनों में भी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।

प्रशासन की अपील

संबंधित जिलों में प्रशासन ने लगातार होने वाली इस भारी वर्षा के कारण संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन, अचानक बाढ़ और नदी-नालों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी होने का खतरा बताया है। स्थानीय निवासियों और बाहर से आने वाले पर्यटकों को नदी-नालों के नजदीक न जाने की सलाह दी गई है।

इसके साथ ही खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा करने से बचें और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें। किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *