पूर्वी दिल्ली में जरा सी बात का खौफनाक अंत, भाई ने बहन की छाती में दागीं गोलियां; गौतमपुरी में चीख-पुकार

7.2kViews
1817 Shares

 मामूली कहासुनी के बाद पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि एक भाई ने अपनी ही बहन के सीने में गोलियां दाग दीं। गंभीर रूप से घायल महिला की मौत हो गई।

वारदात के कुछ ही देर बाद पुलिस ने भाग रहे आरोपित भाई को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक देसी पिस्तौल और छह कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस हत्या के पीछे की वजह की जांच कर रही है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जुटाए साक्ष्य

डीसीपी उत्तर पूर्वी जिला राहुल अलवाल के अनुसार, शुक्रवार रात गौतमपुरी की गली नंबर-17 में एक महिला को गोली मारने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि वसीमा (32), पत्नी इरशाद, गोली लगने से घायल अवस्था में पड़ी थीं।

क्राइम और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस मामले में न्यू उस्मानपुर थाने में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।

इसी दौरान जाफराबाद थाने के हेड कांस्टेबल नफीस गश्त पर थे। चौहान बांगर की गली नंबर-10 में उन्हें एक युवक भागता हुआ दिखाई दिया। रोककर तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी पिस्तौल और छह कारतूस बरामद हुए।

पूछताछ में बहन की हत्या की बात कबूली

पूछताछ में आरोपित ने अपनी पहचान मोहम्मद अनस, निवासी सरधना, मेरठ के रूप में बताई। उसने स्वीकार किया कि उसने अपनी बहन वसीमा की गौतमपुरी स्थित घर में गोली मारकर हत्या की है।पुलिस ने हत्या में प्रयोग की गई देसी पिस्तौल भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार आरोपित का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *