हेरा फ्रेंचाइजी की तीसरी कड़ी हेरा फेरी 3 (Hera Pheri 3) की ओनरशिप को लेकर विवाद अभी भी गरमाया हुआ है। मामला कोर्ट में है और फिल्म पोस्टपोन हो चुकी है। इस बीच परेश रावल ने अक्षय कुमार से मिले 25 करोड़ रुपये के नोटिस पर रिएक्शन दिया है।
पिछले साल हेरा फेरी 3 की शूटिंग शुरू होने वाली थी, लेकिन उससे पहले परेश रावल ने फिल्म से किनारा कर लिया था। एक्टर के अचानक एग्जिट के बाद बवाल मच गया और अक्षय कुमार ने उन्हें 25 करोड़ रुपये को नोटिस भेज दिया। इसके कुछ ही दिनों बाद मामला ठंडा हुआ और परेश रावल ने फिल्म में वापसी का ऐलान किया।
क्यों हेरा फेरी 3 से बनाई थी दूरी?
अब एक बार फिर परेश रावल ने इस बारे में बात की है। एक्टर ने बताया कि आखिर उन्होंने क्यों फिल्म छोड़ने का फैसला किया। उन्होंने विक्की लालवानी के साथ बातचीत में कहा-
ऐसा नहीं था कि ‘मैं अक्षय कुमार के साथ काम करने में कंफर्टेबल नहीं हूं।’ यह एक कॉन्ट्रैक्ट से जुड़ी बात थी। अगर मुझे फिल्म करनी थी, तो मुझे फिरोज (प्रोड्यूसर) की मंजूरी की जरूरत थी क्योंकि वही ‘हेरा फेरी’ फ्रेंचाइजी के एकमात्र मालिक हैं। और ‘आवारा पागल दीवाना’, ‘वेलकम’ जैसी अन्य फिल्मों के भी। जब तक मुझे उनकी मंजूरी नहीं मिल जाती, मैं कोई वादा नहीं कर सकता था।
नोटिस मिलने से थे हैरान
जब परेश रावल ने अचानक फिल्म से किनारा किया तो कॉन्ट्रैक्ट तोड़ने और प्रोजेक्ट को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए प्रोड्यूसर-एक्टर अक्षय कुमार ने 25 करोड़ का नोटिस भेज दिया। इससे एक्टर हैरान हो गए थे। उन्होंने कहा, “जब कानूनी नोटिस आया तो मैंने सोचा, ‘मुझे कानूनी मामलों में क्यों घसीटा जा रहा है? क्या मैं यहां फिल्म बनाने का आनंद लेने आया हूं या इसमें फंसने के लिए?’ मैंने खुद से कहा कि मैं अब इसका हिस्सा नहीं बनना चाहता।”
परेश रावल ने अक्षय कुमार का कानूनी नोटिस भेजना एक इमोशनल रिएक्शन था। उन्होंने कहा, “शायद यह मामला ऐसा था कि ‘वह मुझे ना कैसे कह सकते हैं?’ वह यकीनन इमोशनली परेशान रहे होंगे।”

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

