जिला नियोजनालय, सुपौल की ओर से युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में 20 जुलाई (सोमवार) को एक दिवसीय रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर संयुक्त श्रम भवन स्थित जिला नियोजनालय परिसर में सुबह 11 से शाम 4 बजे तक चलेगा।
शिविर में निजी क्षेत्र की कंपनी विजन इंडिया सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा एनएपीएस ट्रेनी के 100 पदों पर भर्ती की जाएगी। अभ्यर्थियों का चयन सीधे साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा।
चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति नोएडा स्थित मैन्युफैक्चरिंग इकाई में होगी। जिला नियोजनालय के अनुसार, इन पदों के लिए 18 से 28 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं अथवा आइटीआई निर्धारित की गई है।
चयनित अभ्यर्थियों को 15,000 से 15,500 रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ कैंटीन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। रोजगार शिविर में नेशनल करियर सर्विस पोर्टल पर निश्शुल्क निबंधन की भी व्यवस्था रहेगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि शिविर में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है तथा अभ्यर्थी किसी भी दलाल या एजेंट के झांसे में न आएं और सीधे नियोजक से संपर्क करें।
जिला नियोजनालय ने रोजगार के इच्छुक युवाओं से निर्धारित समय पर शिविर में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

