भगवान भी नहीं सुरक्षित? आरा के मंदिरों पर चोरों की नजर, 7 महीने में अष्टधातु की 7 प्राचीन मूर्तियां पार

1031 Shares

 भोजपुर जिले में मूर्ति चोरी गिरोह की नजर एक बार फिर मठों और मंदिरों पर टेढ़ी हो गई है। बीते सात माह के भीतर जिले के दो अलग-अलग मठों एवं मंदिरों से भगवान राम, जानकी, लक्ष्मण समेत अन्य सात बहुमूल्य प्राचीन मूर्तियां चोरी हो चुकी हैं।

दोनों मामलों में अब तक पुलिस को कोई बड़ी सफलता नहीं मिली है। सात माह पूर्व घटित गंगहर गांव के ठाकुरबाड़ी मठ में हुई चोरी के मामले में पुलिस को अभी तक कोई ठोस सुराग भी नहीं मिला था कि तीन दिन पूर्व अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के पिटारों गांव स्थित मंदिर से तीन और प्राचीन मूर्तियां चोरी कर चोरों ने पुलिस-प्रशासन को खुली चुनौती दे दी।

इससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं और श्रद्धालुओं में भी चिंता बढ़ गई है।लगातार हुई इन घटनाओं से किसी अंतरराज्यीय मूर्ति चोरी गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि गिरोह विभिन्न जिलों में घूम-घूमकर ऐसी वारदातों को अंजाम दे रहा है।

जनवरी में हुई पहली घटना के बाद विशेष जांच दल (एसआइटी) का गठन भी किया गया था, लेकिन जांच किसी ठोस निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकी।

लोगों का कहना है कि ये प्राचीन मूर्तियां केवल आस्था का केंद्र नहीं हैं, बल्कि क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर भी हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से रात में नियमित गश्त बढ़ाने, प्रमुख मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा मूर्ति चोरी गिरोह की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

केस स्टडी-01

18 जनवरी की रात मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगहर गांव स्थित ठाकुरबाड़ी मंदिर से रविवार की देर रात अज्ञात चोरों ने भगवान राम, लक्ष्मण, मां सीता एवं भगवान श्रीकृष्ण की अष्टधातु निर्मित चार बेशकीमती मूर्तियां चुरा लीं थी।

इसे लेकर ठाकुरबाड़ी पूजा कमेटी के अध्यक्ष रणविजय सिंह ने संबंधित थाना में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी कराई थी। इसे लेकर एसआईटी का भी गठन किया गया था। लेकिन, सात माह बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है।

केस स्टडी-02

11 जुलाई की देर रात अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के पीटरो गांव स्थित ऐतिहासिक राम-जानकी मंदिर से अज्ञात चोर भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की बहुमूल्य प्रतिमाएं चोरी कर फरार हो गए थे।

चोर जाते-जाते मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे की हार्ड डिस्क भी अपने साथ ले गए थे, जिससे घटना के साक्ष्य मिटाने की आशंका जताई जा रही है।

चोरी गई मूर्तियां अष्टधातु की बताई जा रही है। इसे लेकर महंत राम सुरेश सिंह ने अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। लेकिन, कोई सुराग नहीं मिल सका है।

केस स्टडी-03

आठ जुलाई 2023 को अज्ञात चोरों ने रात्रि पहर धोबहां थाना के छोटकी धर्मपुरा गांव स्थित ठाकुरबाड़ी से राम-जानकारी व लक्ष्मण की अष्टधातु निर्मित मूर्तियां चुरा ली थी।

बाद में करीब तीन माह पूर्व गांव के पास स्थित झाड़ी से तीनों मूर्तियों को बरामद किया गया था। चोरों ने प्लास्टिक के बोरे में बांध कर छुपाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *