सावधान! गैस बिल के नाम पर आया मैसेज तो हो जाएं सतर्क, गाजियाबाद में दो लोगों से ठगे 37 लाख
साइबर ठगों ने आईजीएल गैस कनेक्शन बिल अपडेट करने के नाम पर दो पीड़ितों के मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड कराकर 37.14 लाख रुपये निकाल लिए।
पीड़ितों ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना कि दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कराई गई है।
गैस कनेक्शन बंद करने की धमकी दी, मोबाइल किया हैक
मुरादनगर की ब्रिज विहार निवासी कामना जैन के मोबाइल पर सात जून को मैसेज आया कि आईजीएल गैस कनेक्शन अपडेट नहीं होने के कारण सेवा बंद कर दी जाएगी।
मैसेज में दिए गए नंबर पर उनकी मां ने संपर्क किया तो खुद को आईजीएल अधिकारी बताने राहुल अग्रवाल नामक व्यक्ति ने गैस बिल अपडेट कराने का भरोसा दिया।
अगले दिन उसने वाट्सएप पर आईजीएल गैस बिल अपडेट पीडीएफ नाम की एपीके फाइल भेजी। बाद में फोन पर निर्देश देकर फाइल डाउनलोड कराई और बैंक कार्ड की जानकारी भरवा ली। इसके बाद ठग लगातार संपर्क में रहे और अपडेट पूरा होने की बात कहते रहे।
कुछ ही देर बाद उनकी मम्मी और पापा के संयुक्त बैंक आफ इंडिया और पंजाब नेशनल बैंक के खातों से एक के बाद एक ट्रांजेक्शन होने लगे।
फिर भी बिल अपडेट नहीं होने पर आरोपित ने उन्हें झांसे में लिया और उनके बैंक खाते से भी रुपये ट्रांसफर कर लिए। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि ठगों ने कई किस्तों में आइएमपीएस, ई-कामर्स और अन्य माध्यमों से कुल 18.45 लाख रुपये निकाल लिए।
बुजुर्ग को बिल अपडेट करने के नाम पर ठगा
कौशांबी निवासी 60 वर्षीय अशोक कुमार माहेश्वरी के पास तीन जुलाई को आईजीएल गैस कनेक्शन का बिल अपडेट करने का मैसेज आया। उन्होंने दिए गए नंबर पर संपर्क किया तो ठग ने उनके मोबाइल में बिल अपडेट करने के नाम पर एपीके फाइल भेज दी। इसके बाद उनका मोबाइल हैक कर कई बार में उनके खाते से तीन और चार जुलाई को 18.69 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर थाने में कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
कंपनी नहीं भेजती एपीके फाइल
पुलिस का कहना है कि किसी भी गैस कंपनी का कर्मचारी वाट्सएप पर एपीके फाइल नहीं भेजता। किसी भी लिंक या एप पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता जांच लें। ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत करें।
ऐसे बचें साइबर ठगी से
- गैस बिल अपडेट के नाम पर भेजी गई एपीके फाइल कभी डाउनलोड न करें।
- अनजान व्यक्ति को मोबाइल स्क्रीन शेयर या ओटीपी न दें।
- केवल आधिकारिक वेबसाइट और एप का ही इस्तेमाल करें।
- संदिग्ध लिंक या वाट्सएप संदेश पर तुरंत प्रतिक्रिया देने से बचें।
- ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें, ताकि खाते फ्रीज कराए जा सकें।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

