चित्रकूट तपोभूमि पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ, ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से गूंजा जनसभा स्थल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15वीं बार भगवान श्रीराम की तपोभूमि पहुंचे। सीएम योगी का विशेष विमान चित्रकूट एयरपोर्ट की हवाई पट्टी पर पहुंचा। इसके बाद चित्रकूट इंटर कालेज के परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। जनसभा स्थल में पहुंचते ही लोगों ने जय श्रीराम उद्घोष के साथ सीएम का स्वागत किया।
सीएम योगी आदित्यनाथ बुधवार को चित्रकूट से करीब 950 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। लगातार बढ़ते दौरों ने स्पष्ट कर दिया है कि तपोभूमि केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि प्रदेश सरकार की विकास और पर्यटन नीति का भी प्रमुख केंद्र बन चुका है।
इधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दो दिवसीय तपोभूमि प्रवास को लेकर पुलिस ने अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था तैयार कर ली है। मुख्यमंत्री का विशेष विमान देवांगना स्थित टेबल टाप हवाई पट्टी पर उतरे। एयरपोर्ट, सर्किट हाउस, जनसभा स्थल, कलेक्ट्रेट और कामदगिरि परिक्रमा मार्ग समेत पांच प्रमुख सुरक्षा जोन की जिम्मेदारी करीब दो हजार पुलिसकर्मियों को सौंपी गई है। बारिश की संभावना को देखते हुए पुलिसकर्मियों को रेनकोट और छाते रखने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन सुरक्षा कारणों से काले रंग के रेनकोट और छाते के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है।
कुछ इस तरह था सीएम का चित्रकूट दौरा मिनट टू मिनट
आठ जुलाई बुधवार
- अपराह्न 2.20 बजे : देवांगना हवाई पट्टी पर उतरेंगे विशेष विमान से।
- 2.25 बजे : चित्रकूट इंटर कालेज सभास्थल पर शिलान्यास व लोकार्पण।
- 3.30 बजे : कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे मुख्यमंत्री।
- 4.00 बजे : लोक निर्माण विभाग की मंडलीय समीक्षा बैठक।
- 5.30 बजे : विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक।
- 7.00 बजे : प्रबुद्धजन से कलेक्ट्रेट में मुलाकात।
- 7.30 बजे : रात्रि विश्राम के लिए सर्किट हाउस प्रस्थान।
नौ जुलाई गुरुवार
- सुबह 7.45 बजे : सर्किट हाउस से कामदगिरि परिक्रमा के लिए प्रस्थान।
- 8.00 बजे : बरहा हनुमान जी मंदिर से कामदगिरि परिक्रमा।
- 9.00 बजे : कामदगिरि परिक्रमा समाप्त।
- 9.15 बजे : सर्किट हाउस पहुंचेंगे।
- 10.30 बजे : एयरपोर्ट के लिए रवाना।
- 10.35 बजे : बांदा के लिए प्रस्थान।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

